आज खत्म होगा कुलदीप का अज्ञातवास!

Summary :

हरियाणा की राजनीति में पिछले कई दिनों से चर्चा का विषय बने कांग्रेसी नेता कुलदीप बिश्नोई शुक्रवार को कांग्रेस के रथ पर सवार हो सकते हैं।

चंडीगढ़ : हरियाणा की राजनीति में पिछले कई दिनों से चर्चा का विषय बने कांग्रेसी नेता कुलदीप बिश्नोई शुक्रवार को कांग्रेस के रथ पर सवार हो सकते हैं। हालांकि इस घटनाक्रम पर तब तक यकीन नहीं किया जा सकता जब तक कुलदीप स्वयं रथ पर सवार न हो जाएं। कुलदीप बिश्नोई समर्थकों ने आज पूरा दिन इस बात का प्रचार किया कि बिश्नोई शुक्रवार को रथ यात्रा में शामिल होंगे। कुलदीप बिश्नोई को लेकर पिछले कई दिनों से अटकलों का बाजार गर्म है।

मार्केट में यह भी चर्चा आई कि कुलदीप भाजपा में शामिल हो सकते हैं। भाजपा उन्हें एक लोकसभा और चार विधानसभा सीट दे रही है। कुलदीप के भाजपा में शामिल होने को लेकर पेंच इस बात पर फंसा कि कुलदीप बिश्नोई भाजपा से छह सीट मांग रहे हैं। जिसके चलते भाजपा उन्हें अपने साथ लेने से इनकार कर दिया।

इस बीच कांग्रेस ने हुड्डा को चुनाव समन्वय समीति का अध्यक्ष बना दिया तो कुलदीप ने कांग्रेस ने दूरी बना ली। दूसरी तरफ कांग्रेस की परिवर्तन बस यात्रा शुरू हुए तीन दिन बीतने पर भी कुलदीप इस बस में सवार नहीं हुए। जिससे इन चर्चाओं को और बल मिला।

कुलदीप ने पूरे घटनाक्रम पर कोई बयान जारी नहीं किया। अलबत्ता बीती रात उनके परिवार के साथ आईपीएल मैच देखते हुए एक फोटो वायरल हुई। इस दौरान बृहस्पतिवार को कुलदीप बिश्नोई समर्थकों ने दावा किया कि वह शुक्रवार को राहुल गांधी के साथ रथ में सवार होंगे।

(राजेश जैन)

Desk Team