फतेहाबाद : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार उन सभी परिवारों के बैंक खातों में 6 हजार रुपये वार्षिक भिजवाएगी जिनकी सालाना आमदनी 1.80 लाख रुपये तक है। मुख्यमंत्री आज यहां सब्जी मंडी में हरियाणा के समस्त ओड समाज द्वारा आयोजित महर्षि भागीरथ जयंती के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पहुंचने पर समस्त ओड समाज ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल व अन्य नेताओं का भव्य स्वागत किया। आयोजकों ने मुख्यमंत्री को पगड़ी पहनाकर, कस्सी व पौधा भेंट कर उनका सम्मान किया।
जिलाध्यक्ष वेद फुलां ने समारोह में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत व अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि न तो खाना है और न खाने देना है। इस पर अमल करते हुए मैं भी न तो खुद खाऊंगा और न किसी को खाने दूंगा और जो पहले खाकर चले गए हैं, उनसे भी निकलवाऊंगा। उनकी इस बात पर उपस्थित लोगों ने खूब तालियां बजाई।
ओड समाज द्वारा कुरुक्षेत्र में भागीरथ मंदिर या धर्मशाला बनवाने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज धर्मशाला के लिए कहीं भी 500 गज जगह चिह्नित कर ले, सरकार धर्मशाला बनवाएगी। उन्होंने फतेहाबाद, हिसार व टोहाना में भागीरथ ओड समाज धर्मशालाओं के लिए 31 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने फतेहाबाद में अशोक नगर चौक का नाम महर्षि भागीरथ के नाम पर रखने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना का जिक्र करते हुए महिलाओं से पूछा कि सभी महिलाओं को गैस सिलिंडर मिल गया तो तकरीबन 30-35 महिलाओं ने हाथ उठाकर कहा कि उन्हें नहीं मिला। जिसके बाद सीएम मनोहर लाल ने तुरंत जिले के एडीसी महावीर प्रसाद को स्टेज पर बुलाया और कहा कि जिन लोगों को उज्ज्वला के तहत गैस सिलिंडर और चूल्हे नहीं मिले हैं, उनकी लिस्ट बनाकर वितरित किया जाए। उन्होंने कहा कि उज्जवला योजना में जिसको सिलिंडर न मिले हों, वो अफसरों के घरों से उठा लें।
अगर अफसरों के घर के सिलेंडरों से काम पूरा न हो, तो फिर जिले में बीजेपी के जितने भी नेता हैं, उनके घर के सिलिंडरों को अपने पास ले जाएं। अगर फिर भी कहीं कमी रह जाए तो जिले की महिलाएं सीएम हाउस में एक फोन कर दें, मैं अपनी रसोई का सिलिंडर भी फतेहाबाद भिजवा दूंगा। मुख्यमंत्री ने महर्षि भागीरथ को नमन करते हुए उन्हें मानव मात्र का कल्याण करने वाला महापुरुष बताया।
उन्होंने कहा कि महर्षि भागीरथ ने इतनी सिद्धि प्राप्त की कि मां गंगा को भी धरा पर आना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि मां गंगा नहीं होती तो देश की बहुत बड़ी जनसंख्या का जीवन दुभर होता, क्योंकि मां गंगा भारत के बहुत बड़े भू-भाग के जीवन का आधार है। अपने संबोधन में सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद सुनीता दुग्गल ने महर्षि भागीरथ को उनके जयंती पर नमन करते हुए कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने महर्षि भागीरथ की तरह ही उनके बलिदान को सार्थक किया है।
धारा 370 सहित उन सभी खामियों को खत्म कर दिया गया है जो कांग्रेस की देन थी। अगुवाई में हरियाणा वासियों के हित भी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाईजर राजीव जैन, भाजपा के प्रदेश सचिव एवं चैयरमेन जवाहर सैनी, अखिल भारतीय समस्त ओड समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष शंकर लाल, डीएनटी चैयरमेन डॉ बलवान सिंह, बीओएसएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ वैंक्टेश मौर्या, पूर्व विधायक स्वतंत्र बाला चौधरी, बलवान सिंह दौलतपुरिया, प्रो. रविंद्र बलियाला, कालू राम ओड, अरूण बरोका, महावीर सिंह, राम कुमार, देवेन्द्र जोधा, डीएल हंसू, खूबीराम कौशल, सतनाम खांबारा, रमेश मुढाई, भीमसेन मुढाई, बीरखभान टीहाल, महेन्द्र सिंह, बीओएसएस के प्रांतीय अध्यक्ष रमेश कालिया, सुरेश ओड, रणजीत ओड, जिला महामंत्री बलदेव ग्रोहा, रिंकू मान, चैयरमेन दर्शन नागपाल, जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण नापा, सहित पार्टी कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App



