पानीपत : सांसद अश्विनी चोपड़ा ने आज नगर निगम के कमिश्नर शिवप्रसाद शर्मा की शहर में सफाई व्यवस्था और भाजपा के कुछ पार्षदों द्वारा विकास कार्यों में किए जाने वाले भेदभाव के मामले में जमकर क्लास ली। सांसद महोदय ने कमीश्नर को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा पार्षदों के वार्डों में किए जाने वाले भेदभाव को सहन नहीं किया जाएगा। सांसद ने बहुत ही सख्त लहजे में कहा कि वे बहुत ही नरम दिल इंसान हैं, लेकिन यदि कोई गलत काम करता हैं तो उसके लिए मुझे सख्त होना भी आता हैं। भाजपा सरकार पूरी पारदर्शिता व ईमानदारी के साथ कार्य करने वाली सरकार हैं और सरकार में किसी तरह का विकास कार्यों में भेदभाव सहन नहीं होगा।
इस मीटिंग में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद विज, पार्षद हरीश शर्मा, लोकेश नागरू, डिप्टी मेयर सीमा पाहवा के पति राजू पाहवा भी मौजूद रहे। सांसद महोदय ने कमीश्नर को सबसे पहले कहा कि वे आज शहर के विभिन्न वार्डों में गए हैं लेकिन सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल हैं। सांसद ने पूछा कि शहर में सफाई कहा पर हो रही हैं। आप सफाई व्यवस्था की देखरेख क्यों नहीं कर रहे हो। सांसद महोदय ने कहा कि मुझे शहर की सफाई व्यवस्था में कुछ ही दिनों में रिजल्ट चाहिए। उसके उपरांत बैठक में पार्षद लोकेश नागरू, हरीश शर्मा, राजू पाहवा ने कहा कि कमीश्नर द्वारा विकास कार्यों के लिए टेंडर जारी करने में भाजपा पार्षदों के साथ सरेआम भेदभाव किया जाता हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में 23 करोड़ रूपये के टेंडर हुए थे पर भाजपा पार्षदों के वार्डों में टेंडर ही नहीं किए गए। जबकि कमीश्नर साहब मेयर पर बहुत ज्यादा मेहरबान हैं और इस मेहरबानी का कारण क्या हैं, यह तो कमीश्नर साहब ही बता सकते हैं। इन भेदभाव वाली बातों पर सांसद महोदय ने कहा कि इस तरह से भेदभाव सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों में एक समान विकास होना चाहिए। सांसद जी ने भाजपा पार्षदों के मेयर के वार्ड में ओपन जिमों वाली बात पर कहा कि यह सहन नहीं होगा। वहीं सांसद ने भाजपा पार्षदों को आश्वासन दिया कि उनके वार्डों में विकास कार्यों में भेदभाव नहीं होने देंगे।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।
(बिजेंद्र सिंह)


Download Android App
Download iOS App



