फरीदाबाद : कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद एवं लोकतंत्र बचाओ मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार सैनी ने कहा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार जम्मू कश्मीर की पीडीपी सरकार की तर्ज पर कार्य कर रही है, पीडीपी ने जम्मू कश्मीर में पत्थर फेंकने वालों को माफ कर दिया वहीं भाजपा सरकार ने हरियाणा को उजाडऩे वाले लोगों को माफ करके ऐसा कृत्य किया है, जिसे प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। श्री सैनी ने जींद में आयोजित भाजपा की रैली पर तंज कसते हुए कहा कि न राम मिले न माया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को खुश करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च करके क्या हासिल हुआ, जो कार्यकर्ता अपने थे, वो पार्टी से दूर हो गए, जिनकी आने की चाह थी, वो आए नहीं इसलिए इस रैली का कोई औचित्य ही नहीं रह गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हरियाणा प्रदेश से सबका साथ-सबका विकास का जो नारा दिया था, वह यहां सार्थक साबित नहीं हो रहा है, चंद लोगों के सामने सरकार ने पूरी तरह से टुकने टेक दिए है और आज लोगों को यह पता नहीं है कि प्रदेश सरकार को मनोहर लाल खट्टर चला रहे है या फिर यशपाल मलिक। श्री सैनी बीती सायं अपने फरीदाबाद दौरे के पश्चात ओल्ड फरीदाबाद स्थित अनिल सिंगला के निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आगामी अगस्त माह में वह हरियाणा में एक विशाल रैली करने जा रहे है, जिनमें वह अपनी नई पार्टी का ऐलान करेंगे और उनकी पार्टी हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों के साथ-साथ प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों के लिए बड़े ही बदकिस्मती की बात है कि बहुमत वाली सरकार जनहित के फैसले लेने में खुद को असहाय महसूस कर रही है और आज किसान, मजदूर और कमेरा वर्ग की हालत दयनीय है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद 55 साल में 12 बार कांग्रेस को सत्ता में आने का अवसर मिला और कांग्रेस शासनकाल में जो स्थिति थी, वही स्थिति आज भाजपा सरकार में यथावत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि देश में राज्य सभा का कोई औचित्य नहीं है। राज्यसभा में कुछ लोगों का कब्जा है। लोकसभा में चुने हुए सांसद राज्यसभा में बहुमत न होने के कारण कुछ भी नहीं कर पाते हैं इसलिए राज्यसभा को तुरंत खत्म कर देना चाहिए।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।
– राकेश देव


Download Android App
Download iOS App



