फरीदाबाद : दिल्ली, गुजरात, पंजाब व हरियाणा के कई शहरों में 7 हत्या करने वाले तीन आरोपियों को क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार शाम को आरोपित को चोरी के शक में गिरफ्तार किया था, पर सख्ती से पूछताछ की तो हैरान करने वाली बातें सामने आई। पुलिस का दावा है कि आरोपित देशभर में 50 से अधिक शहरों में हत्या सहित चोरी व लूट की सैकड़ों वारदातों को अंजाम दे चुके हैं और अनेक बार जेल भी जा चुके हैं।
अहम बात यह भी है कि इनमें से मुख्य आरोपित जगतार सिंह मूलरूप से गांव इस्माइलपुर, कुरुक्षेत्र का रहने वाला है और यहां मुजेसर में रहता था। यहीं से वारदात करने अन्य शहरों में जाता था। जगतार कई राज्यों की पुलिस द्वारा पकड़ा तो कई बार गया, लेकिन हत्या की वारदातें करना उसने फरीदाबाद क्राइम ब्रांच सेक्टर.17 के सामने ही कबूला।
उसने यह भी कबूल किया कि वह सिर्फ लूट.झपटमारी के दौरान विरोध करने पर ही हत्या करता था। पुलिस ने वारदातों से संबंधित राज्यों की पुलिस को सूचना दे दी है। जल्द टीमें यहां आकर आरोपितों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर जाएंगी। मंगलवार दोपहर बाद पुलिस ने आरोपितों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर ले लिया है।
पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान और वारदातें सामने आ सकती हैं। पुलिस ने आरोपितों से दो रिवाल्वर व एक चाकू बरामद कर लिया है। बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जगतार सिंह के साथ गिरफ्तार हुए साथियों में गांव फूलपुर, थाना कलवाड़ी, उत्तर प्रदेश निवासी प्रेमनाथ और गांव सीमर सरूप थाना मरवरा जिला छपरा, बिहार निवासी गणेश तिवारी हैं।
क्राइम ब्रांच इंचार्ज विमल कुमार का दावा है कि आरोपित उन्हें 600 से अधिक चोरी तो गिनवा चुका है। दिखावे के लिए वह मुजेसर एरिया में ही बेलदारी करता था।


Download Android App
Download iOS App



