30 घंटे चली आयकर विभाग की छापेमारी, जरूरी दस्तावेज जब्त

Summary :

Income Tax Department के अधिकारियों की टीम ने पुन्हाना शहर के प्रमोद सिंगला पुत्र धर्मबीर के घर पर रेड मारी और पूरे घर का तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

पुन्हाना : शहर के व्यापारी प्रमोद सिंगला के घर पर आयकर विभाग की छापेमारी लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। आयकर विभाग की टीम दूसरे दिन दोपहर लगभग दो बजे घर से निकली और अपने ठिकाने की तरफ रवाना हो गई। इस दौरान पत्रकारों द्वारा टीम से बात करने पर उन्होंने कुछ भी कहने से मना कर दिया। अनुमान लगाया जा रहा है कि आयकर विभाग की टीम अपने साथ कुछ जरूरी दस्तावेज व कीमती सामान भी साथ ले गई है।

इस कार्यवाही के दौरान टीम के सदस्यों ने प्रमोद सिंगला व उसके परिवार के लोगों के बैंक खाते व लॉकर भी बैंक जाकर चैक किए। दो दिन लगातार चली आयकर विभाग की कार्यवाही से शहर के लोगों में खासा कौतूहल बना हुआ है। शहर में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। गौरतलब है कि बीते सोमवार को अलसुबह लगभग आठ बजे आयकर विभाग के अधिकारियों की टीम ने पुन्हाना शहर के प्रमोद सिंगला पुत्र धर्मबीर के घर पर रेड मारी और पूरे घर का तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

पुन्हाना, फरीदाबाद में आयकर विभाग के छापे

इस दौरान किसी को भी अंदर आने की अनुमति नहीं थी। घर का कोई सदस्य न तो बाहर आया और न ही बाहरी व्यक्ति कोई अंदर गया। आयकर विभाग की कार्यवाही लगातार 30 घटें चली। दूसरे दिन दोपहर लगभग दो बजे टीम के सदस्य घर से बाहर निकले और कुछ बड़े बैगों के साथ अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। टीम के जाने के बाद प्रमोद सिंगला परिवार के शुभचिंतकों व मिलने वाले लोगों का उनके घर पर तांता लग गया। हालांकि परिवार के लोगों द्वारा भी अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।

– गुरूदत्त, ललित

Desk Team