चंडीगढ़, 27 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब सरकार ने ड्यूटी से अनधिकृत रूप से गैरहाजिर रहने वाले सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में अधिसूचना भी जारी की गई है।
आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी के मुताबिक, पंजाब सरकार के कार्मिक विभाग की ओर से 27 अगस्त 2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि विभिन्न माध्यमों से शिकायतें प्राप्त हुई हैं कि सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों के ड्यूटी पर मौजूद नहीं रहने के कारण आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार ने सभी प्रशासनिक सचिवों और विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने विभागों में ड्यूटी से गैर-हाजिर कर्मचारियों की सूची तैयार कर आज कार्यदिवस समाप्त होने तक सामान्य प्रशासन विभाग को भेजी जाए।
वहीं, पत्र में स्पष्ट किया गया है कि गैर-हाजिर कर्मचारियों के खिलाफ लागू सर्विस रूल्स के तहत आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पंजाब सरकार के तमाम सरकारी कार्यालय में सभी कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के सामूहिक अवकास पर रहे, जिससे सरकार का पूरा कामकाज ठप हो गया। इसका असर शीर्ष पर भी पड़ा है। इन्हीं सब स्थिति को देखते हुए ही राज्य सरकार की ओर से बिना किसी पूर्व सूचना के अवकाश पर रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का फैसला किया है, ताकि कामकाज किसी भी तरीके से प्रभावित नहीं हो।
अधिकारी पंजाब सरकार के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि सरकार को हर सूरत में हमारी मांगों पर विचार करना होगा। जब तक हमारी मांगों पर विचार नहीं किया जाएगा, तब तक इस विरोध प्रदर्शन का सिलसिला जारी रहेगा।
वहीं, पंजाब सरकार ने अवकाश पर रहने वाले सभी अधिकारियों की सूची संबंधित विभागों से मांगी है। इन सभी अधिकारियों को चिन्हित किया जाएगा।
–आईएएनएस
एसएचके/डीएससी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



