Kerala Heavy Rain Casualties : केरलम में 31 जुलाई की रात से लेकर 1 अगस्त तक हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में आठ लोगों की जान चली गई है, जबकि आठ अन्य लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। खासकर राज्य के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ (फ्लैश फ्लड) से व्यापक नुकसान हुआ है।
यह आपदा वायनाड के टनल निर्माण स्थल पर ठीक एक महीने पहले हुई उस घटना की याद दिलाती है, जब बारिश के कारण मलबे के खिसकने से आठ लोगों की मौत हुई थी। हालात से निपटने के लिए मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने वरिष्ठ अधिकारियों और जिलाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा कर तुरंत राहत कार्य तेज करने के आदेश जारी किए हैं।
तबाही का आंकड़ा
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार बारिश जनित हादसों में 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 13 लोग घायल हैं। लापता 8 लोगों की तलाश में रेस्क्यू टीमें लगातार जुटी हुई हैं।
राज्य भर में बनाए गए 209 राहत शिविरों में अब तक 5,792 प्रभावित लोगों को सुरक्षित पहुंचाया जा चुका है। बारिश और लैंडस्लाइड की वजह से 27 घर पूरी तरह ज़मीनदोज़ हो गए, जबकि 196 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। सरकार ने प्रभावित परिवारों, बेघर हुए लोगों और रोज़गार गंवाने वालों को त्वरित आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया है।
मौसम विभाग का अनुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि रविवार से बारिश का ज़ोर कम होने की संभावना है। बादलों का रुख उत्तर की ओर बढ़ने के चलते तिरुवनंतपुरम और कोल्लम जैसे दक्षिणी जिले अब खतरे के दायरे से बाहर आ गए हैं। हालांकि, पिछले दो दिनों की मूसलाधार बारिश से नदियां उफान पर हैं, जिससे त्रिशूर के उत्तरी इलाकों में रविवार को भी बाढ़ की स्थिति बेहद नाजुक बनी रह सकती है।
मुख्यमंत्री वी.डी. सतीसन ने कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन नेटवर्क किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। मंत्रियों और जिला कलेक्टरों के साथ बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कड़ा निर्देश दिया है कि मंत्री सबसे ज्यादा प्रभावित ज़िलों में खुद जाकर कैंप करें और जमीनी स्तर पर राहत व बचाव अभियानों की सीधी निगरानी करें।
यह भी पढ़ें – भिवंडी इमारत हादसा: 10 मौतों के बाद जागा प्रशासन, बेघर होने के डर से सिसकते परिवारों के बीच ए-विंग को ढहाने की तैयारी


Download Android App
Download iOS App



