Anant Ambani: मुंबई पुलिस ने उद्योगपति मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी के विवाह समारोह में बम की धमकी देने संबंधी सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में गुजरात के वडोदरा से 25 वर्षीय एक आईटी इंजीनियर को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
- अनंत अंबानी के शादी समारोह को बम से उड़ाने की धमकी को लेकर बड़ी कार्यवाई
- मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने वडोदरा से आरोपी को किया गिरफ्तार
- पेशे से आरोपी आईटी इंजीनियर है
उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान विरल अशरा के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया, ‘‘मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने आरोपी आईटी इंजीनियर को आज (मंगलवार) सुबह गुजरात स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया।’’
जाने क्या लिखा था पोस्ट में
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक यूजर द्वारा संभावित खतरे के बारे में पोस्ट साझा किए जाने के बाद से मुंबई पुलिस हाई अलर्ट पर थी। इस पोस्ट में लिखा था, ‘‘मैं सोच रहा हूं कि अंबानी की शादी में बम फटने के बाद कल आधी दुनिया उलट जाएगी। एक पिन कोड में अरबों डॉलर।’’ इस पोस्ट के बाद पुलिस ने 12 जुलाई को मुंबई में आयोजित इस विवाह समारोह की सुरक्षा बढ़ा दी थी।
आरोपी को लाया जा रहा मुंबई
अधिकारी ने बताया, ‘‘पुलिस ने संभावित खतरे के संबंध में जांच भी शुरू कर दी।’’ अधिकारी के मुताबिक, जांच के दौरान पता चला कि ‘एक्स’ पर जिस खाते से यह पोस्ट साझा की गई थी, उसका ‘यूजर’ वडोदरा में है, जिसके बाद मुंबई अपराध शाखा की एक टीम को पड़ोसी राज्य के शहर में भेजा गया और आरोपी को पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी को मुंबई लाया जा रहा है और उसे एक स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी और फार्मा जगत के दिग्गज उद्योगपति वीरेन मर्चेंट की बेटी राधिका मर्चेंट 12 जुलाई को एक भव्य समारोह में परिणय सूत्र में बंध गए। इस विवाह समारोह में नेताओं, हिंदी एवं दक्षिण भारतीय सिनेमा जगत व हॉलीवुड की हस्तियों के अलावा देश के लगभग सभी शीर्ष क्रिकेटर शामिल हुए थे।


Download Android App
Download iOS App



