बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: रॉबर्ट चोंग्थु को अल्पसंख्यक कल्याण, गोपाल मीणा बने राज्यपाल सचिव

पटना, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस फेरबदल में कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के पदों में बदलाव किया गया है। यह तबादला प्रशासनिक स्तर पर काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि रॉबर्ट एल. चोंग्थु (आईएएस 1997 बैच) को राज्यपाल के प्रधान सचिव पद से हटाकर प्रधान सचिव, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग बनाया गया है।

गोपाल मीणा (आईएएस 2007 बैच) को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से स्थानांतरित कर राज्यपाल के सचिव के पद पर तैनात किया गया है। साथ ही उन्हें जांच आयुक्त (जीएडी) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

मो. सोहेल (आईएएस 2007 बैच) को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से हटाकर सामान्य प्रशासन विभाग का सचिव बनाया गया है। इनके पास भी जांच आयुक्त, जीएडी का अतिरिक्त प्रभार रहेगा।

शैलेन्द्र कुमार (आईएएस 2013 बैच) को कृषि विभाग से स्थानांतरित कर लखीसराय का जिलाधिकारी (डीएम) और जिला दंडाधिकारी नियुक्त किया गया है।

यह फेरबदल तत्काल प्रभाव से लागू माना जा रहा है। बिहार सरकार की अधिसूचना के अनुसार सभी अधिकारी अगले आदेश तक अपने नए पदों पर कार्य करेंगे।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह बदलाव राज्यपाल सचिवालय, अल्पसंख्यक कल्याण, सामान्य प्रशासन और जिलास्तरीय प्रशासन को और अधिक कुशल बनाने के उद्देश्य से किया गया है। खासकर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। लखीसराय जिले में शैलेन्द्र कुमार की नियुक्ति स्थानीय प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में मानी जा रही है।

बिहार में हाल के महीनों में प्रशासनिक स्तर पर कई बदलाव देखने को मिले हैं। यह फेरबदल भी उसी कड़ी में आता है। सरकार का मानना है कि समय-समय पर ऐसे फेरबदल से प्रशासनिक मशीनरी अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनी रहती है।

–आईएएनएस

एससीएच

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।