थल सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे ने मंगलवार को कहा कि भारत अपनी सीमाओं पर नए सिरे से चुनौतियों का सामना कर रहा है और प्रशिक्षण ले रहे सैन्य अधिकारियों को इस तरह के सभी घटनाक्रमों से अवगत रहना चाहिए। जनरल नरवणे तमिलनाडु के वेलिंगटन में डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज (डीएसएससी) में ‘पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं के घटनाक्रम तथा भारतीय सेना के भावी रोडमैप पर उनके प्रभाव’ विषय पर व्याख्यान दे रहे थे।
भारतीय सेना द्वारा जारी एक बयान के अनुसार थल सेना प्रमुख ने जोर दिया कि देश अपनी सीमाओं पर नयी चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने छात्रों से सभी घटनाक्रमों को लेकर अवगत रहने का आह्वान किया। जनरल नरवणे कॉलेज के दो दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने कॉलेज में 76वें स्टाफ पाठ्यक्रम में शामिल अधिकारियों और संकाय सदस्यों को व्याख्यान दिया।
बयान में कहा गया है कि डीएसएससी के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल एम जे एस कहलों ने तीनों सेनाओं के बीच समन्वय के साथ प्रशिक्षण गतिविधियों और नयी पहलों को शामिल करने की जानकारी दी। थल सेना प्रमुख को प्रशिक्षण पाठ्यक्रम और ढांचागत विकास में किए जा रहे बदलावों के संबंध में डीएसएससी की भूमिका के बारे में भी अवगत कराया गया।
बयान के अनुसार उन्होंने कोविड-19 महामारी के बावजूद प्रशिक्षण के उच्च स्तर को बनाए रखने के लिए कॉलेज की सराहना की।


Download Android App
Download iOS App



