उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह माफिया मुख्तार के मामले को लेकर कांग्रेस पर करारा वार किया है। उन्होंने कहा कि कुख्यात अपराधी मुख्तार अंसारी को कांग्रेस ने दामाद की तरह पाला। उसे बुलेटप्रूफ एंबुलेंस दी और जेल के बगल में बंगले में रखा।
मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि, कांग्रेस नियम कानून को ताक पर रखकर अपराधी और माफिया का साथ देती है। जबकि योगी सरकार में अपराधी, जेल में अपराधी की ही तरह रहता है। उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर आरोप लगाया कि वह सोशल मीडिया पर बहुत एक्टिव रहती हैं, लेकिन मुख्तार के बारे में एक शब्द नहीं लिखा और ना ही बोलीं। कांग्रेस को जनता को यह बताना चाहिए कि आखिर ये रिश्ता क्या कहलाता है।
उन्होंने कहा कि, “यह दर्शाता है कि कांग्रेस के संरक्षण में मुख्तार रोपड़ जेल में ऐश कर रहा था। ऐसे कुख्यात अपराधी जिन पर गंभीर अपराध के 52 मुकदमे दर्ज हों और न्यायालय में विचाराधीन हों, उनके साथ कैसा सलूक किया जाना चाहिए यह योगी सरकार अच्छे तरह से जानती है। यहां ना कैदी को जेल के बगल में बंगले में रखा जाता है और ना ही बुलेटप्रूफ एसी एंबुलेंस दी जाती है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि, “कांग्रेस सरकार ने राजस्थान में यूपी के एक और आरोपी को शरण दे रखा है। पुलिस की सुरक्षा के साथ वह सरकारी गेस्ट हाउस में आराम से आलीशान जिंदगी जी रहा है। कांग्रेस का अपराधियों और आतंकियों से पुराना नाता है। योगी सरकार में अपराध को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति का नतीजा है कि अपराधी यूपी से पलायन कर गए हैं। इसके बावजूद सरकार उनके गुनाहों का हिसाब करने के लिए दूसरे प्रदेश से लाने में परहेज नहीं कर रही है।”


Download Android App
Download iOS App



