भारत में कोरोना वायरस का कहर तेजी से बढ़ रहा है। तो दूसरी ओर इस मसले पर राजनीति भी अपनी पराकाष्ठा पर है, नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है। इस बीच, लॉकडाउन के तीसरे चरण की घोषणा के बीच सरकार पर मजदूरों, अर्थव्यवस्था जैसे विषयों की अनदेखी करने के कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा ने शनिवार को कहा कि विपक्षी दल के पास बेतुकी बयानबाजी के अलावा कोई काम नहीं है। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस रचनात्मक सुझाव देने के बजाय कोरोना संक्रमण जैसी त्रासदी पर सिर्फ सियासत कर रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने अपने बयान में कहा, ‘‘कांग्रेस के पास न तो कोई सुझाव है और न ही समस्याओं के बारे में कोई समझ है। कांग्रेस पार्टी कोविड-19 पर सिर्फ सियासत कर रही है। उसे स्पष्ट करना चाहिए कि वह बेवजह की बातें ही करेगी या कोई रचनात्मक सुझाव भी देगी।’’उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने जितने भी सवाल उठाये थे, वे न केवल बेतुके और हास्यास्पद है बल्कि गैर वाजिब भी हैं। ऐसे में कांग्रेस पार्टी से रचनात्मक संवाद की उम्मीद नहीं की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस हद तक नीचे गिर चुकी है कि कोरोना संक्रमण जैसी त्रासदी पर भी सियासत और राजनीति करने से बाज नहीं आ रही है। उन्होंने कहा, ‘‘देश को सुरक्षित बनाने और अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करने के लिये जितने भी कदम उठाने की जरूरत होगी, मोदी सरकार हर संभव कदम उठायेगी। ’’कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि क्या यह हास्यास्पद नहीं है कि कांग्रेस पार्टी यह सवाल कर रही है कि लॉकडाउन 3.0 की घोषणा प्रधानमंत्री या किसी बड़े नेता ने क्यों नहीं की। क्या यह सवाल कांग्रेस पार्टी के वैचारिक दिवालियेपन को इंगित नहीं करता है।
गौरतलब है कि कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने लॉकडाउन 3.0 पर मोदी सरकार से शनिवार को पांच सवाल पूछे। उन्होंने सरकार से मजदूरों की घर वापसी, बेरोजगारी, ठप होते व्यवसायों और संकट से घिरी अर्थव्यवस्था से उबरने का रोडमैप बताने को कहा। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने सेंट्रल विस्टा का सवाल केवल जनता का ध्यान भटकाने के लिये उठाया है। मोदी सरकार ने महिलाओं, किसानों के खाते में सहायता राशि पहुंचाने का काम किया है और तीन महीने राशन एवं रसोई गैस मुफ्त देने की व्यवस्था की है।


Download Android App
Download iOS App



