दिल्ली में बिहार का वांटेड आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के महिंदवाड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांटेड आरोपी बाबुल कुमार को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को पकड़ने के लिए बिहार पुलिस की टीम विशेष रूप से दिल्ली पहुंची थी। मामला अंतरराज्य अपराध से जुड़ा होने के कारण बिहार पुलिस ने दिल्ली क्राइम ब्रांच से सहयोग मांगा।

बिहार पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम एजीएस को इस ऑपरेशन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके तहत इंस्पेक्टर पवन कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। यह पूरी कार्रवाई एसीपी भगवती प्रसाद की निगरानी में और डीजीपी क्राइम ब्रांच हर्ष इंदौरा के निर्देशन में की गई है।

उन्होंने बताया कि बिहार पुलिस की सहायता के लिए दिल्ली पुलिस की तरफ से एक टीम भी बनाई गई थी, जिसमें हेड कांस्टेबल अमित, हेड कांस्टेबल जितेंद्र और हेड कांस्टेबल मनीष को शामिल किया गया। 12 मार्च को बिहार पुलिस को आरोपी बाबुल की लोकेशन दिल्ली के पास मिली थी। इस दौरान हेड कांस्टेबल जितेंद्र ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की। टीम ने पूरे दिन इलाके में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद हेड कांस्टेबल जितेंद्र ने अपने स्थानीय सूत्रों को सक्रिय किया और उन्हें मामले की पूरी जानकारी देते हुए वांटेड अपराधी बाबुल कुमार के बारे में बताया। लगातार प्रयासों के बाद 13 मार्च की सुबह आरोपी की सही लोकेशन का पता चल गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बिहार के महिंदवाड़ा थाने में कई गंभीर मामले दर्ज हैं और वह काफी समय से फरार चल रहा था। आरोपी दिल्ली में आकर छुप गया था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, जिससे पुलिस को सही लोकेशन नहीं मिल पा रही थी।

बिहार पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी बाबुल कुमार का जन्म और पालन-पोषण बिहार के पुनरारवाड़ा गांव में हुआ। उसने वर्ष 2022 में 12वीं कक्षा पास की, लेकिन बाद में स्थानीय अपराधियों के संपर्क में आकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

–आईएएनएस

एसएके/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।