पूर्व PM देवगौड़ा बोले- देश को गुलाम नबी आजाद की राजनीतिक बुद्धिमत्ता और प्रतिबद्धता की जरूरत

Summary :

देव गौड़ा ने ट्वीट किया, ‘‘ देश को उनकी राजनीतिक बुद्धिमत्ता तथा प्रतिबद्धता की जरूरत है और मुझे विश्वास है कि देश को और कई वर्षों तक उनकी सेवाएं मिलेंगी।’’ राज्यसभा में आजाद का कार्यकाल अगले सप्ताह समाप्त हो रहा है।

पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा ने बुधवार को कहा कि देश को गुलाम नबी आजाद की राजनीतिक बुद्धिमत्ता और प्रतिबद्धता की जरूरत है। राज्यसभा में विपक्ष के नेता गलाम नबी आजाद की सदन से विदाई पर जनता दल (सेकुलर) के प्रमुख ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जम्मू्-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री को कई वर्षों की दोस्ती और भाई-चारे के लिए शुक्रिया अदा किया।

देव गौड़ा ने ट्वीट किया, ‘‘ देश को उनकी राजनीतिक बुद्धिमत्ता तथा प्रतिबद्धता की जरूरत है और मुझे विश्वास है कि देश को और कई वर्षों तक उनकी सेवाएं मिलेंगी।’’ राज्यसभा में आजाद का कार्यकाल अगले सप्ताह समाप्त हो रहा है।

बता दें कि राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद सहित चार सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने पर उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सभापति एम वेंकैया नायडू और सदन के सदस्यों ने भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि राजनीतिक जीवन तथा सदन में मिले अनुभवों के आधार पर वे जन कल्याण में तथा देश के विकास के लिए अपनी सेवाएं देते रहेंगे।
आजाद के साथ ही भाजपा के शमशेर सिंह मन्हास, और पीडीपी के मीर मोहम्मद फ़ैयाज तथा नजीर अहमद लवाय का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है। इस मौके पर ना केवल प्रधानमंत्री मोदी बल्कि खुद गुलाम नबी आजाद भी कुछ पलों के लिए भावुक हो गए। आजाद से अपनी पुरानी मित्रता का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आजाद ऐसे नेता हैं जो अपने दल के साथ साथ सदन और देश की भी चिंता करते रहे है।
विपक्ष के नेता के पद पर रहते हुए उन्होंने कभी दबदबा स्थापित करने का प्रयास नहीं किया। सदन के अगले नेता प्रतिपक्ष को आजाद द्वारा स्थापित मानकों को पूरा करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। दोनों सदनों में आजाद के लंबे कार्यकाल का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि उनकी सौम्यता, विनम्रता और देश के लिए कुछ कर गुजरने की कामना प्रशंसनीय है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आजाद की यह प्रतिबद्धता उन्हें आगे भी चैन से नहीं बैठने देगी और उनके अनुभवों से देश लाभान्वित होता रहेगा।

राज्यसभा में बोले गुलाम नबी आज़ाद-हिंदुस्तानी मुस्लिम होने पर महसूस होता है गर्व 

Desk Team