मुंबई, 13 जुलाई (आईएएनएस)। एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्र के पिता और समाजसेवक नंद किशोर गोयनका का 13 जुलाई को 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया। स्वर्गीय नंद किशोर गोयनका का जीवन दृढ़ मूल्यों, विनम्रता, करुणा और समाज सेवा के प्रति अटूट समर्पण से परिपूर्ण था।
सुभाष चंद्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा कि आज सुबह हमारे प्रिय पिता नंद किशोर गोयनका ने अंतिम सांस ली। अपनी उदारता और सामुदायिक कल्याण के प्रति समर्पण के शांत कार्यों से उन्होंने अनेकों के जीवन को स्पर्श किया। वे करुणा और मानवता की विरासत छोड़ गए हैं। स्वर्गीय नंद किशोर गोयनका का अंतिम संस्कार उनके गृह नगर, अग्रोहा, हिसार स्थित गोयनका उद्यान में 15 जुलाई को किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि एस्सेल समूह स्वर्गीय नंद किशोर गोयनका को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के साथ एकजुट है। उनके द्वारा अपनाए गए सिद्धांत आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन और प्रेरणा देते रहेंगे। उनकी आत्मा को शाश्वत शांति मिले और शोक संतप्त परिवार को आने वाले दिनों में साहस और शक्ति प्रदान करें।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर दुख जताया है। सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि पूर्व राज्यसभा सांसद एवं एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा के पूज्य पिता समाजसेवी नंद किशोर गोयनका का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि! मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों और समर्थकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने शोक संदेश में लिखा कि एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा के पिता नंद किशोर गोयनका के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें। ॐ शांति।
हरियाणा के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पोस्ट में लिखा कि पूर्व राज्यसभा सांसद और एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा के पूज्य पिता, प्रतिष्ठित समाजसेवी नंद किशोर गोयनका के निधन का दुखद समाचार मिला। परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना है कि वे पुण्यात्मा को शांति प्रदान करें और इस कठिन समय में परिवारजनों व उनके शुभचिंतकों को यह असीम दु:ख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति!
–आईएएनएस
एमएस/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























