गणपति जुलूस पर अंडा फेंकने की घटना दुर्भाग्यपूर्ण, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: राजू वाघमारे

Summary :

मुंबई, 24 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई के मझगांव में गणेश जुलूस के दौरान कथित तौर पर अंडे फेंके जाने की घटना को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना प्रवक्ता राजू वाघमारे ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि मुंबई जैसे शहर में इस तरह की घटनाओं की कोई जगह नहीं है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, वाघमारे ने अमरावती अस्पताल में आग लगने की घटना, महाराष्ट्र में ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए मराठी भाषा की अनिवार्यता और चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। मझगांव में…

मुंबई, 24 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई के मझगांव में गणेश जुलूस के दौरान कथित तौर पर अंडे फेंके जाने की घटना को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना प्रवक्ता राजू वाघमारे ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि मुंबई जैसे शहर में इस तरह की घटनाओं की कोई जगह नहीं है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, वाघमारे ने अमरावती अस्पताल में आग लगने की घटना, महाराष्ट्र में ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए मराठी भाषा की अनिवार्यता और चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर भी प्रतिक्रिया दी।

मझगांव में गणेश जुलूस के दौरान कथित तौर पर अंडे फेंके जाने की घटना पर राजू वाघमारे ने कहा कि ऐसी घटनाएं मुंबई शहर में नहीं होनी चाहिए। मुंबई में गणेश विसर्जन के दौरान बड़े-बड़े गणपति मंडलों की मूर्तियां जब जुलूस के रूप में निकलती हैं तो मुस्लिम समुदाय के लोग भी उनका स्वागत करते हैं। इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने वाले लोग जानबूझकर मुंबई और महाराष्ट्र में जाति और धर्म के नाम पर तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसी घटनाओं का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द बिगाड़ना और मुंबई की छवि को नुकसान पहुंचाना हो सकता है।

उन्होंने कहा कि सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है और इसकी जांच की जाएगी। जो भी लोग ऐसी घटना में शामिल पाए जाएंगे और मुंबई व महाराष्ट्र का नाम बदनाम करने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति और भाईचारा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

अमरावती के अस्पताल में आग लगने की घटना को शिवसेना प्रवक्ता ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक वेंटिलेटर में तकनीकी खराबी या ब्लास्ट की वजह से आग लगने की बात सामने आई है। अगर तकनीकी खराबी के कारण घटना हुई है तो इसकी जांच होनी चाहिए और यह पता लगाया जाना चाहिए कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को कैसे रोका जा सकता है। अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

वाघमारे ने बताया कि हादसे में मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपए की सहायता दी गई है। घटना को दुखद बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन को मिलकर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

महाराष्ट्र में ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए मराठी भाषा के इस्तेमाल और इसे लेकर चल रही राजनीतिक बहस पर भी राजू वाघमारे ने प्रतिक्रिया दी। समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव के उस बयान पर कि सरकार रोजगार उपलब्ध कराने के बजाय रोजगार कर रहे लोगों के सामने भाषा की अनिवार्यता जैसी शर्तें रख रही है, वाघमारे ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने लोगों को पर्याप्त समय दिया है।

उन्होंने कहा कि सरकार ऑटो-टैक्सी चालकों से मराठी में कोई उच्च शिक्षा या ग्रेजुएशन कोर्स करने की मांग नहीं कर रही है। उनकी मांग सिर्फ इतनी है कि महाराष्ट्र में काम करने वाले लोगों को रोजमर्रा के काम के लिए जरूरी मराठी भाषा का ज्ञान होना चाहिए। ऑटो और रिक्शा चालकों को भाषा सीखने के लिए समय भी दिया गया और अलग-अलग जगहों पर कक्षाएं भी आयोजित की गईं। इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति भाषा सीखना नहीं चाहता और इसे राजनीतिक मुद्दा बनाता है तो राजनीति वही लोग कर रहे हैं। महाराष्ट्र में रहने और काम करने वाले लोगों को मराठी भाषा का सम्मान करना चाहिए। महाराष्ट्र में काम करने के लिए मराठी का ज्ञान जरूरी है और इस नीति को लेकर सरकार अपने रुख पर कायम रहेगी।

चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर पूछे गए सवाल पर राजू वाघमारे ने कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी चिंता का विषय है, लेकिन इसे नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार त्योहारों के मौसम से पहले कीमतों को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।

वाघमारे ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर काम कर रही है और जल्द इसका समाधान निकल सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार की महंगाई संबंधी नीतियों का बचाव करते हुए कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में महंगाई की स्थिति कांग्रेस के शासनकाल जैसी नहीं रही है। आम लोगों को राहत देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और चीनी की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

–आईएएनएस

पीएसके

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.