गौतमबुद्धनगर, 1 मई (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर जनपद गौतमबुद्ध नगर में एक व्यापक मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया, जिसका वर्चुअल शुभारंभ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। यह आयोजन “श्रमवीर सम्मान समारोह-2026” के अंतर्गत किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।
इस मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन जनपद के कुल 201 स्थानों पर किया गया, जिसमें 134 सरकारी अस्पताल, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, मोबाइल हेल्थ वैन (मुख्यमंत्री आरोग्य रथ) तथा 67 निजी अस्पताल शामिल रहे। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस अभियान में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
कैंप के दौरान श्रमिकों को मुफ्त स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा परामर्श, आवश्यक जांच, दवाइयों का निशुल्क वितरण और गंभीर बीमारियों की पहचान जैसी सुविधाएं प्रदान की गईं। इसके अलावा श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा उनके बच्चों की शिक्षा और पोषण से संबंधित योजनाओं की भी जानकारी दी गई।
इस अभियान को सफल बनाने में निजी अस्पतालों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनकी सक्रिय भागीदारी ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच को और मजबूत किया। कार्यक्रम में सामाजिक संस्थाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। “दादी की रसोई” संस्था द्वारा कैंप में आए श्रमिकों के लिए मुफ्त भोजन की व्यवस्था की गई। साथ ही गमछा और टोपी भी वितरित की गई।
श्रमिकों को स्वास्थ्य और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटकों का आयोजन भी किया गया। इस पहल से लाभान्वित श्रमिकों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला प्रशासन ने भी इस सफल आयोजन के लिए सभी विभागों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और सहयोगी संस्थाओं का धन्यवाद किया। प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम जारी रखने की बात कही है, ताकि श्रमिकों और आमजन को बेहतर और सुलभ सेवाएं मिलती रहें।
–आईएएनएस
पीकेटी/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)





















