मुजफ्फरनगर (उप्र) : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा है कि सरकार सहारनपुर में जाति आधारित हिंसा के पीडि़तों को सहायता उपलब्ध कराने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि पीडि़त लोग सरकार से मदद न मिलने के कारण लगातार खौफ के साए में जी रहे हैं। बब्बर ने कल शाम संवाददाताओं से कहा कि यह चिंता की बात है कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद जाति आधारित हिंसा में बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विभिन्न पंथों के लोगों को एक-दूसरे के खिलाफ उकसा रही है। सहारनपुर में इस सप्ताह पथराव और संघर्ष की कई घटनाएं हुई हैं। पुलिस के अनुसार दलितों के एक संगठन ने पिछले हफ्ते हुए जाति आधारित संघर्षों के प्रभावितों के लिए मुआवजे और राहत की मांग के लिए शहर के गांधी पार्क में ‘महापंचायत’ करने की अनुमति मांगी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद दुबे ने कहा कि जिला प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी थी। पुलिस ने ‘महापंचायत’ के लिए एकत्र हुए लोगों के खिलाफ कार्रवाई की थी जिससे तनाव और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। अनेक राहगीरों से मारपीट की गई और उनके वाहनों को जला दिया गया।
कुछ मीडियाकर्मियों की भी पिटाई की गई और उनके वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए गए। पुलिस पर पथराव किया गया। एक पुलिस चौकी को जला दिया गया और कई पुलिस वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
– (भाषा)


Download Android App
Download iOS App



