नयी दिल्ली : संसद के मॉनसून सत्र से पहले सरकार सिक्किम से लगती सीमा पर चीन के साथ तनाव तथा कश्मीर की स्थिति पर विपक्ष को विश्वास में लेने के लिए उसके साथ आज विचार-विमर्श करेगी। केंन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर शाम करीब पांच बजे होने वाली बैठक में श्री सिंह कश्मीर की स्थिति और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज चीन के साथ लगभग एक महीने से चले आ रहे तनाव के बारे में विपक्ष के नेताओं को विस्तार से जानकारी देंगी।
सोमवार से शुरू होने वाले संसद सत्र से ठीक पहले हो रही इस बैठक को सरकार की इन मुद्दों पर विपक्ष को विश्वास में लेने तथा आम सहमति बनाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। विपक्ष के सभी प्रमुख नेताओं को इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए बुलाया गया है और उम्मीद है कि बड़े दलों के प्रमुख नेता सरकार के साथ इन मुद्दों पर विचार-विमर्श के दौरान अपनी बात रखेंगे।
कश्मीर के अनंतनाग जिले में अमरनाथ यात्रियों पर आतंकवादी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है और विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को संसद में कटघरे में खड़ा करने की रणनीति बना रहा है। सिक्किम से लगती भूटान और चीन की सीमा पर स्थित ट्राईजंक्शन क्षेत्र में भारत और चीन की सेनाओं के आमने-सामने आने से क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। सरकार चाहती है कि इस मुद्दे पर वह अपनी रणनीति से विपक्ष को अवगत कराये और आगे उठाये जाने वाले कदमों के बारे में उसे विश्वास में ले।


Download Android App
Download iOS App





