गुजरात: अहमदाबाद नगर निगम ने एक घंटे में 3.61 लाख पौधे लगाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया

अहमदाबाद, 12 जुलाई (आईएएनएस)। अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। भाड़ज क्षेत्र में मियावाकी पद्धति के तहत मात्र एक घंटे में 3.61 लाख पौधे लगाकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया गया।

यह अभियान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा गांधीनगर लोकसभा सांसद अमित शाह के गांधीनगर संसदीय क्षेत्र को ‘हरित लोकसभा क्षेत्र’ बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अभियान के तहत गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में 1.25 करोड़ तथा अहमदाबाद नगर निगम क्षेत्र में 50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

भाड़ज में लगभग 91,006 वर्गमीटर क्षेत्र में आयोजित इस महाअभियान के दौरान 76,000 वर्गमीटर भूमि पर मियावाकी तकनीक से 35 से अधिक स्वदेशी प्रजातियों के 3.61 लाख पौधे लगाए गए। इस ऐतिहासिक अभियान में 25,000 से अधिक स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाने में योगदान दिया।

मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, शहरी विकास एवं आवास मंत्री, महापौर, मुख्य सचिव, नगर आयुक्त सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, और गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर मौजूद रहे।

इस अभियान को सफल बनाने में अहमदाबाद नगर निगम के विभिन्न विभागों, स्कूल बोर्ड, बीएपीएस संस्था, सीआरईडीएआई, पुलिस विभाग, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और हजारों नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

अभियान में लगाए गए सभी पौधे स्थानीय और पर्यावरण के अनुकूल प्रजातियों के हैं। ये पौधे भविष्य में जैव विविधता को बढ़ावा देने, वायु प्रदूषण कम करने, कार्बन अवशोषण बढ़ाने, तापमान नियंत्रित रखने और शहर के हरित क्षेत्र का विस्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

अहमदाबाद नगर निगम ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक विश्व रिकॉर्ड नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और सतत शहरी विकास के प्रति शहर की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक पहल के साथ अहमदाबाद ने वैश्विक स्तर पर हरित विकास की दिशा में अपनी एक नई पहचान स्थापित की है।

–आईएएनएस

एमएस/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।