नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पहलगाम हमले को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी हर बार झूठा और भ्रामक प्रचार करती हैं।
दिलीप जायसवाल ने आईएएनएस से कहा कि ममता बनर्जी अब ऐसे बयान इसलिए दे रही हैं क्योंकि उनकी राजनीतिक जमीन खिसक रही है और वह अपना ‘आखिरी कार्ड’ खेल रही हैं।
दिलीप जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामकाज की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि 2014 में सत्ता में आने से पहले पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से जो वादे किए थे, उन्हें लगातार पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आर्टिकल 370 और वक्फ कानून जैसे कई मुद्दे पार्टी के पुराने एजेंडे का हिस्सा थे, जिन्हें अब लागू किया गया है। साथ ही, यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) और ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ जैसे बड़े फैसलों को भी उन्होंने जरूरी बताया। उनका कहना है कि इनसे देश का खर्च बचेगा और आम लोगों को सुविधा मिलेगी।
जायसवाल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता “डसने वाले सांप” की तरह हैं, और उन्होंने देश को नुकसान पहुंचाया है।
बता दें कि ममता बनर्जी ने पाकिस्तान की ओर से कोलकाता पर हमले की हालिया धमकी का जिक्र करते हुए सवाल उठाया था कि प्रधानमंत्री इस गंभीर मुद्दे पर चुप क्यों हैं। सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि चुनावी रैलियों में बंगाल को निशाना बनाने वाले प्रधानमंत्री देश की सुरक्षा से जुड़े इस संवेदनशील विषय पर एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं।
वहीं, केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को लेकर हो रहे विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ईवीएम मशीनें प्रधानमंत्री मोदी के आने के बाद नहीं लाई गईं, बल्कि यह पहले से ही इस्तेमाल में हैं। उन्होंने याद दिलाया कि बैलेट पेपर के दौर में वोटों की गिनती में काफी समय लगता था, इसलिए कांग्रेस के शासनकाल में ईवीएम को लागू किया गया था।
इसके अलावा, जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के बयान पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह हैरानी की बात है कि संवैधानिक पदों पर बैठे नेता बिना किसी ठोस आधार के अफवाह फैलाने का काम कर रहे हैं।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



