गुजरात : अहमदाबाद हवाई अड्डे पर आग लगी, कोई हताहत नहीं, उड़ान संचालन सामान्य

Summary :

अहमदाबाद, 15 मार्च (आईएएनएस)। गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा में रविवार को एक छोटी आग लगने की घटना सामने आई। अधिकारियों के अनुसार, आग टर्मिनल-1 के सामने गैर-संचालन क्षेत्र के पास बने एक अस्थायी केबिन में लगी। आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और एयरपोर्ट के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा। घटना दोपहर करीब 2:43 बजे विमान संचालन क्षेत्र के बाहर हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग एयरपोर्ट परिसर में एयर कार्गो सेक्शन के पास, पुराने गुजसेल (जीयूजेएसएआईएल) भवन के नजदीक बने एक अस्थायी केबिन में लगी थी। आग लगने के बाद आसमान…

अहमदाबाद, 15 मार्च (आईएएनएस)। गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा में रविवार को एक छोटी आग लगने की घटना सामने आई।

अधिकारियों के अनुसार, आग टर्मिनल-1 के सामने गैर-संचालन क्षेत्र के पास बने एक अस्थायी केबिन में लगी। आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और एयरपोर्ट के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा।

घटना दोपहर करीब 2:43 बजे विमान संचालन क्षेत्र के बाहर हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग एयरपोर्ट परिसर में एयर कार्गो सेक्शन के पास, पुराने गुजसेल (जीयूजेएसएआईएल) भवन के नजदीक बने एक अस्थायी केबिन में लगी थी।

आग लगने के बाद आसमान में धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और कर्मचारियों ने तुरंत एयरपोर्ट की फायर सर्विस को सूचना दी।

इसके बाद एयरपोर्ट की एयरोड्रोम रेस्क्यू एंड फायरफाइटिंग टीम मौके पर पहुंची और तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया। कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया गया और यह आसपास की इमारतों तक नहीं फैली।

इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ और किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने बताया कि फायर टीम ने तुरंत कार्रवाई कर स्थिति को कुछ मिनटों में नियंत्रित कर लिया। इस दौरान फ्लाइट संचालन सामान्य रहा और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।

फिलहाल आग लगने के सटीक कारण का पता नहीं चल पाया है। एयरपोर्ट प्रशासन के अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं और प्रभावित केबिन तथा आसपास के इलाके का निरीक्षण भी किया जा रहा है।

अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आग लगने के कारणों की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

–आईएएनएस

एएसएच/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.