चेन्नई, 15 जुलाई (आईएएनएस)। तमिलनाडु में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने चेतावनी दी है कि राज्य के कुछ हिस्सों, खासकर अंदरूनी जिलों में लू (हीटवेव) जैसी स्थिति बनी रह सकती है।
मौसम विभाग ने मछुआरों को चेतावनी दी है कि वे समुद्र में न जाएं, क्योंकि दक्षिणी तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने की आशंका है।
ताजा अनुमान के मुताबिक, बुधवार को राज्य के अंदरूनी जिलों में एक-दो जगहों पर लू जैसी स्थिति हो सकती है। 16 जुलाई तक दिन का तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की उम्मीद है। अंदरूनी इलाकों में तापमान मौसमी औसत से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहने की संभावना है।
तमिलनाडु के तटीय जिलों और पुडुचेरी में तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अधिक तापमान और ज्यादा नमी के कारण कई तटीय इलाकों में भीषण गर्मी और बेचैनी हो सकती है। ऐसे हालात में गर्मी से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, खासकर बच्चों, बुज़ुर्गों, बाहर काम करने वालों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए।
लोगों को सलाह दी गई है कि वे शरीर में पानी की कमी न होने दें। दोपहर के समय सीधी धूप में ज़्यादा देर तक न रहें और गर्मी से बचने के लिए जरूरी सावधानियां बरतें।
चेन्नई में अगले दो दिनों तक मौसम में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है। हालांकि, बादल छाए रहने के बावजूद, लगातार अधिक तापमान और नमी के कारण शहर में उमस भरी गर्मी महसूस हो सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि लोगों को काफी परेशानी हो सकती है, खासकर दोपहर और शाम के शुरुआती समय में।
राज्य के अधिकतर हिस्सों में गर्मी का असर बने रहने की उम्मीद है। आरएमएसी ने बुधवार को पश्चिमी घाट के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है। बाकी जिलों में भी एक-दो जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
मन्नार की खाड़ी, कोमोरिन सागर और तमिलनाडु के आस-पास के तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। समुद्र में खराब हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि जब तक हालात बेहतर न हों, वे इन इलाकों में न जाएं।
मौसम विभाग ने कहा है कि वह मौसम में हो रहे बदलावों पर बारीकी से नजर रखेगा और जरूरत पड़ने पर नई सलाह जारी करेगा। साथ ही, विभाग ने लोगों से सरकारी अनुमानों का पालन करने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है, क्योंकि राज्य भर में लू के हालात बने हुए हैं।
–आईएएनएस
ओपी/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























