मथुरा, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना नदी में हुए नाव हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। सोमवार को बचाव दल ने नदी से दो और शव बरामद किए। अभी भी एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, जो दो शव बरामद हुए हैं, उनमें से एक की पहचान पंजाब निवासी यश भल्ला उर्फ युवराज के रूप में हुई है जबकि दूसरे मृतक की पहचान मोनिका के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि यश भल्ला का शव देवरा बाबा घाट के पास केशी घाट के निकट किनारे से मिला। बरामद शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में था।
यह पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम द्वारा चलाया जा रहा है। टीम लगातार यमुना नदी में सर्च अभियान चला रही है और लापता लोगों की तलाश कर रही है। बरामद किए गए शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही सेना की स्ट्राइक वन कोर और एनडीआरएफ की संयुक्त टीमें इलाके में राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
यह हादसा 10 अप्रैल को वृंदावन के पास उस समय हुआ था जब एक नाव यमुना नदी में पलट गई। बताया जा रहा है कि नाव में सवार अधिकांश लोग पंजाब के रहने वाले थे और वे एक धार्मिक यात्रा पर वृंदावन आए हुए थे। ये सभी यात्री लुधियाना और मुक्तसर जिले के लगभग 150 श्रद्धालुओं के समूह का हिस्सा थे।
घटना के समय नाव में दो दर्जन से ज्यादा लोग सवार थे। बताया जाता है कि नाव नदी के बीच में अचानक गहरे पानी की ओर चली गई और किसी भारी वस्तु से टकरा गई, जिसके कारण वह संतुलन खो बैठी और पलट गई। इस हादसे में कई लोग पानी में बह गए।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, जिस इलाके में हादसा हुआ, वहां हाल ही में पानी का स्तर बढ़ने के कारण एक पांटून पुल हटाया गया था। पुल हटाने के बाद वहां कुछ पांटून ड्रम पानी में तैरते रह गए थे। आशंका जताई जा रही है कि नाव उन्हीं में से किसी ड्रम से टकरा गई होगी, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
फिलहाल प्रशासन और राहत दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं और ड्रोन की मदद से भी नदी के हर हिस्से की जांच की जा रही है ताकि लापता व्यक्ति को जल्द से जल्द खोजा जा सके।
–आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



