भोपाल/धार, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के धार जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। चार और मजदूरों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गुरुवार को सभी मृतकों का सामूहिक अंतिम संस्कार किया गया।
यह हादसा मंगलवार को तिरला थाना क्षेत्र में हुआ था। मजदूरों से भरी एक पिकअप गाड़ी, जिसमें महिलाएं और बच्चे समेत करीब 46 लोग सवार थे, एक होटल के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।
यह गाड़ी घाटाबिल्लोद से आ रही थी। बताया जा रहा है कि वाहन अचानक गलत दिशा में चला गया और फिर पलट गया।
हादसा इतना भयानक था कि 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। बाद में चार और घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत धार के जिला भोज अस्पताल पहुंचाया गया। एक के बाद एक घायलों के पहुंचने से अस्पताल का माहौल भी तनावपूर्ण हो गया।
अधिकारियों के मुताबिक, जिला अस्पताल में 13 घायलों का इलाज चल रहा है। 6 लोग एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 9 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए और मामूली रूप से घायल लोगों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की मदद दी जाएगी।
धार जिला प्रशासन ने कहा कि हादसे के कारणों की विस्तार से जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























