इंफाल, 12 सितंबर (आईएएनएस)। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने अपने दो दिवसीय मणिपुर दौरे के दौरान शनिवार को बिष्णुपुर जिले स्थित पूर्वोत्तर की सबसे बड़ी मीठे पानी की झील लोकटक में नौका विहार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अमेरिकी वाणिज्य दूतावास, कोलकाता की काउंसल जनरल कैथी गाइल्स-डियाज और अन्य अधिकारियों के साथ गोर शुक्रवार को इंफाल पहुंचे थे।
इंफाल से करीब 48 किलोमीटर दूर स्थित लोकटक झील अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। यह झील एक छोटे अंतर्देशीय समुद्र जैसी दिखाई देती है। झील में तैरते हुए द्वीपों, जिन्हें स्थानीय भाषा में ‘फुमदी’ कहा जाता है, और उन पर बने तैरते घरों ‘फुमसांग’ में रहने वाले मछुआरे यहां का प्रमुख आकर्षण हैं।
इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह से मुलाकात के दौरान अमेरिकी राजदूत ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूर्वोत्तर भारत के विकास पर विशेष ध्यान भारत जैसे विविधतापूर्ण देश के लिए सकारात्मक कदम है।
सर्जियो गोर ने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से भी लोक भवन में शिष्टाचार मुलाकात की।
मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई बैठक के दौरान गोर ने मणिपुर को “बेहद खूबसूरत राज्य” बताते हुए इसकी प्राकृतिक सुंदरता की सराहना की और राज्य में आने वाले पर्यटकों की संख्या के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
गोर ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के सामान्य रिश्तों से आगे बढ़कर एक विशेष संबंध है और ट्रंप व्यक्तिगत रूप से इस रिश्ते को महत्व देते हैं।
मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने अमेरिकी राजदूत को आगामी मणिपुर संगाई महोत्सव-2026 में शामिल होने का निमंत्रण दिया और राज्य में पर्यटन तथा उससे जुड़े क्षेत्रों को विकास की बड़ी संभावनाओं वाला क्षेत्र बताया। उन्होंने कहा कि भारत “एक मिनी वर्ल्ड” है और मणिपुर “मिनी इंडिया” है, क्योंकि यहां 36 समुदाय निवास करते हैं।
10 दिवसीय मणिपुर संगाई महोत्सव 21 से 30 नवंबर तक “डेस्टिनेशन मणिपुर” थीम के साथ आयोजित होगा। महोत्सव में राज्य की कला-संस्कृति, हथकरघा, हस्तशिल्प, ललित कला, पारंपरिक खेल, स्थानीय व्यंजन, संगीत, ईको-टूरिज्म और एडवेंचर स्पोर्ट्स को प्रदर्शित और बढ़ावा दिया जाएगा।
–आईएएनएस
डीएससी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



