80वें स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी का युवाओं के लिए खास तोहफा

Summary :

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले एक साल में 1 करोड़ युवाओं को एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की स्किल्स की ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि भारत के युवा दुनिया का नेतृत्व करने में सक्षम बन सकें। उन्होंने कहा, “मेरे प्यारे देशवासियों, जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं, जब मैं देश को तेज रफ्तार से आगे बढ़ाने की बात करता हूं, तो इसका सबसे बड़ा…

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले एक साल में 1 करोड़ युवाओं को एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की स्किल्स की ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि भारत के युवा दुनिया का नेतृत्व करने में सक्षम बन सकें।

उन्होंने कहा, “मेरे प्यारे देशवासियों, जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं, जब मैं देश को तेज रफ्तार से आगे बढ़ाने की बात करता हूं, तो इसका सबसे बड़ा लाभार्थी कौन है? इन सभी प्रयासों के पीछे सबसे बड़ी प्रेरणा शक्ति कौन है? अगर कोई प्रेरणा शक्ति है, तो वो मेरे देश के युवा हैं। विकसित भारत की यात्रा में युवाओं की बहुत बड़ी भूमिका है।”

पीएम मोदी ने कहा कि देश में उद्यमिता तेजी से बढ़ रही है। आज देश में 2.5 लाख से ज्यादा स्टार्टअप काम कर रहे हैं और युवा रोजगार भी पैदा कर रहे हैं।

उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया, “2.5 लाख से ज्यादा स्टार्टअप हैं। युवा इस दिशा में काम कर रहे हैं और नौकरियां भी बना रहे हैं। सरकार ने 1 लाख करोड़ रुपए का फंड घोषित किया है। मैं उनसे कहना चाहता हूं, सपने लेकर आइए, हम आपको किसी संसाधन की कमी महसूस नहीं होने देंगे।”

पीएम मोदी ने भारत की डिजिटल तरक्की का जिक्र करते हुए कहा, “भारत में इंटरनेट सबसे सस्ता है।” उच्च शिक्षा के विस्तार पर बोलते हुए उन्होंने आंकड़े भी साझा किए। पीएम मोदी ने कहा, “मैं आपको 2004 से 2014 तक का डेटा देना चाहता हूं। तब 350 से भी कम विश्वविद्यालय थे। आज हमारे पास 650 नए विश्वविद्यालय हैं। हम लगभग 1,000 के करीब पहुंच रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि सरकार लगातार इस दिशा में काम कर रही है ताकि युवा तकनीक और नवाचार की तरफ आकर्षित हों। भारत में हाल ही में हुए एआई समिट का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने एक बड़ी घोषणा की।

उन्होंने कहा, “हमने हाल ही में एआई समिट आयोजित किया। आज लाल किले की प्राचीर से मैं देश के युवाओं के लिए घोषणा करना चाहता हूं कि हमने संकल्प लिया है कि आने वाले एक साल में हम 1 करोड़ युवाओं को एआई स्किल्स की ट्रेनिंग देने का काम करेंगे। ताकि हमारे देश के युवा एआई के क्षेत्र में भी दुनिया का नेतृत्व करने की क्षमता रखें।”

पीएम ने यह भी कहा कि छात्रों के लिए ऑनलाइन कोचिंग व्यवस्था की शुरुआत भी की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले पीएम मोदी ने राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद वे लाल किले पहुंचे।

इस बार स्वतंत्रता दिवस पर एक ऐतिहासिक पल भी देखने को मिला। आजादी के बाद पहली बार लाल किले पर ‘वंदे मातरम’ बजाया गया।

–आईएएनएस

वीकेयू/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.