पटना, 21 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में ईद-उल-फितर का त्योहार बड़े उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जा रहा है। गांधी मैदान में हजारों लोगों ने एकत्र होकर नमाज अदा की और एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी और जदयू नेता निशांत कुमार भी मौजूद रहे।
मंत्री अशोक चौधरी ने ईद के अवसर पर कहा, “जैसे हम होली और दीपावली जैसे त्योहार मनाते हैं, उसी तरह हम ईद और बकरीद भी मनाते हैं। हमें अपने धर्म के साथ-साथ दूसरे धर्मों के लोगों का भी गहरा सम्मान करना चाहिए।” उन्होंने इस पर्व को आपसी सौहार्द और एकता का प्रतीक बताया।
इस दौरान अशोक चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली की भी सराहना की। उन्होंने कहा, समर्पण के साथ उन्होंने 20 साल तक बिहार का नेतृत्व किया है। इसी का परिणाम है कि राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रही है।” उन्होंने एक किस्सा साझा करते हुए बताया कि एक बार जब वे मुख्यमंत्री के साथ पंजाब के लुधियाना में एक कार्यक्रम में गए थे, तो वहां गुरुद्वारे में लोगों ने नीतीश कुमार के प्रति गहरा सम्मान दिखाया और उनके हाथों को चूमा था।
वहीं, निशांत कुमार ने अपने और अपने पिता, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से देशवासियों और बिहार के लोगों को ईद की बधाई दी। उन्होंने कहा, “मैं अपने पिता की ओर से भी सभी को ईद की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।”
गांधी मैदान से सामने आई तस्वीरों में बड़ी संख्या में लोग नमाज के लिए पहुंचते नजर आए। हर तरफ खुशी, उत्साह और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
एक छात्र ने भी इस खास मौके पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मैं देश के सभी लोगों को ईद की बधाई देता हूं। यह दिन भाईचारे, प्रेम और सद्भाव फैलाने का दिन है। मैंने यहां नमाज अदा की और अब हॉस्टल में अपने दोस्तों के साथ छोटी-सी खुशियां मना रहा हूं।”
मदरसा शम्सुल होदा के प्रिंसिपल डॉ. मशहूद आलम नदवी ने बताया, “ईद मुसलमानों का सबसे महत्वपूर्ण त्योहार है, जो रमजान के पवित्र महीने के बाद मनाया जाता है।”
–आईएएनएस
वीकेयू/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



