जनता की समस्याओं पर एके शर्मा सख्त, अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के दिए निर्देश

लखनऊ, 13 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। जनसुनवाई के दौरान पेयजल, आवास, सफाई, विद्युत बिल संशोधन, अतिक्रमण हटाने, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े कई मामले सामने आए।

मंत्री एके शर्मा ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की और सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लखनऊ निवासी विजय ने स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या बताते हुए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर एके शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उनका किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में बेहतर और समुचित उपचार सुनिश्चित कराने को कहा।

वहीं, गोमतीनगर के एक शिकायतकर्ता ने क्षेत्र में पेयजल संकट की जानकारी दी। इस पर मंत्री ने नगर आयुक्त गौरव कुमार से फोन पर बात कर समस्या के शीघ्र और स्थायी समाधान के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इटावा से आए फरियादी अतुल कुमार ने ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर मंत्री ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, इटावा को तत्काल ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान एके शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की संतुष्टि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

–आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

Related Posts

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।