काशी में निकली तिरंगा यात्रा में दिखा उमंग, स्वतंत्र देव बोले- पीएम मोदी के क्षेत्र में अद्भुत दृश्य देखने को मिला

Summary :

वाराणसी, 13 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और सपा के शासन में तिरंगे का सम्मान नहीं होता था, लेकिन पीएम मोदी ने श्रीनगर के लाल चौक पर आतंकियों के सामने तिरंगा फहराकर देश का मान बढ़ाया। उन्होंने काशी में तिरंगा यात्रा की तारीफ करते हुए कहा कि योगी सरकार में 9 लाख भर्तियां पारदर्शी तरीके से हुई हैं और अब यूपी का युवा नौकरी नहीं मांग रहा, बल्कि रोजगार दे रहा है।…

वाराणसी, 13 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और सपा के शासन में तिरंगे का सम्मान नहीं होता था, लेकिन पीएम मोदी ने श्रीनगर के लाल चौक पर आतंकियों के सामने तिरंगा फहराकर देश का मान बढ़ाया।

उन्होंने काशी में तिरंगा यात्रा की तारीफ करते हुए कहा कि योगी सरकार में 9 लाख भर्तियां पारदर्शी तरीके से हुई हैं और अब यूपी का युवा नौकरी नहीं मांग रहा, बल्कि रोजगार दे रहा है।

यूपी के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 9 अगस्त को लखनऊ से इस यात्रा की शुरुआत हुई। पार्टी ने तय किया है कि हर महानगर से लेकर मंडल स्तर तक सभी जगहों पर तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। 15 अगस्त को हम आजादी का जश्न मना रहे हैं। रानी लक्ष्मीबाई से लेकर मंगल पांडे तक, 1857 की क्रांति से लेकर 1947 की आजादी तक, तमाम स्वतंत्रता सेनानियों ने इस तिरंगे के लिए अपना जीवन कुर्बान किया। मैं उन सभी वीर शहीदों के चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”

उन्होंने कहा, “कांग्रेस के समय तिरंगा का सम्मान नहीं होता था। वंदे मातरम् गाने में लोग डरते थे, सपा भी डरती थी। आतंकवादी चुनौती देते थे कि अगर हिम्मत है तो तिरंगा झंडा फहराकर दिखाओ, तब प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीनगर में लाल चौक पर आतंकवादियों के सामने तिरंगा झंडा फहराया था। उन्होंने वहां से कहा था कि सौगंध मुझे इस मिट्टी की ये देश नहीं झुकने दूंगा, ये देश नहीं मिटने दूंगा।”

जल शक्ति मंत्री ने कहा, “आज भी श्रीनगर चौक पर देश का तिरंगा फहराया जाता है। पीएम मोदी विदेशी धरती पर जाते हैं तो भारत माता की जय और तिरंगा फहराया जाता है। आजादी के सम्मान में स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में घर-घर तिरंगा, हर हाथ में तिरंगा, हर परिवार में तिरंगा है। लंदन की धरती पर पीएम मोदी उतरते हैं, तिरंगा झंडा का वहां भी सम्मान होता है और लोग भारत माता की जय के नारे लगाते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि आज देश के युवा पीएम मोदी के साथ हैं, भारत के विकास के साथ हैं, आज नौजवान नौकरी नहीं मांग रहा, रोजगार दे रहा है। आप यूपी की बात करें तो सपा के शासन में पर्चा लीक होता था, पूर्वांचल पूरा नकल का केंद्र था। आज नकल नहीं होता है, बच्चे पढ़-लिखकर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। सिपाही भर्ती में शामिल हुए मैनपुरी के शख्स ने बताया कि जब सपा के शासन में मेरे भाई की भर्ती हुई था तो 10 लाख रिश्वत लगा था। मेरे समय में आज एक रुपए नहीं लगे। यह योगी सरकार है, जहां 9 लाख भर्तियां हुईं और किसी से एक रुपए नहीं लिए गए।

काशी की तिरंगा यात्रा को लेकर उन्होंने कहा, “काशी की तिरंगा यात्रा में उमंग के साथ लोग सड़कों पर थे, कार्यकर्ताओं, विद्यालय के बच्चे, सामाजिक संगठनों के लोग सड़कों पर स्वागत करने निकले। आज लग रहा था कि लोगों में कितना उमंग और उत्साह था, आज का दृश्य अद्भुत था। ये पीएम मोदी का क्षेत्र है, जहां उमंग देखने को मिली, मैं इस धरती के लोगों को प्रणाम करता हूं।”

–आईएएनएस

केके/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.