केंद्र सरकार में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने सोमवार को कहा कि यह कांशीराम ही थे, जिनके कारण मायावती उत्तर प्रदेश में चार बार मुख्यमंत्री बन पाईं। आठवले ने कहा कि उनकी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया, कांशीराम के अधूरे सपने को पूरा करेगी।
कांशीराम की 87 वीं जयंती पर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मोदी सरकार में मंत्री आठवले ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान आठवले ने कहा, उन्होंने (कांशीराम) बामसेफ बनाई थी, डीएस फोर बनाई थी और उसके बाद बहुजन समाज पार्टी बनाई थी। उन्होंने उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी को अच्छी सफलता दिलाई थी। कांशीराम के कारण मायावती जी को चार बार मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष आठवले ने कहा कि कांशीराम ने पूरे देश में घूम घूमकर लोगों को दलित आंदोलन के लिए एकजुट किया। उन्होंने आंबेडकर मूवमेंट को बहुत मजबूत किया। कांशीराम का अधूरा सपना रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया पूरा करेगी। दलित मूवमेंट में कांशीराम का योगदान बहुत बड़ा था। उधर, बसपा प्रमुख मायावती ने देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों को लेकर कहा कि बसपा बिना किसी गठबंधन में शामिल हुए विधानसभा के चुनावों में अकेले लड़ेंगी।


Download Android App
Download iOS App



