एमसीए परिसर के 5 रेस्टोरेंट पर एफडीए की बड़ी कार्रवाई, फूड सेफ्टी उल्लंघन पर लाइसेंस सस्पेंड

Summary :

मुंबई, 24 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई में फूड सेफ्टी को लेकर बड़ी कार्रवाई हुई है। महाराष्ट्र एफडीए (खाद्य एवं औषधि प्रशासन) ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) परिसर में चल रहे 5 रेस्टोरेंट के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। इन पर फूड सेफ्टी और साफ-सफाई के नियमों के गंभीर उल्लंघन का आरोप है। एफडीए की प्रेस रिलीज के मुताबिक, यह कार्रवाई एमसीए में मौजूद परमिट रूम, पैविलियन, मेडिटेरेनियन, ओरिएंटल स्विंग और क्लबवे एंड पेस्ट्री काउंटर के खिलाफ की गई है। जांच के दौरान इन सभी जगहों पर फूड सेफ्टी के कई नियमों का उल्लंघन पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि रेस्टोरेंट में…

मुंबई, 24 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई में फूड सेफ्टी को लेकर बड़ी कार्रवाई हुई है। महाराष्ट्र एफडीए (खाद्य एवं औषधि प्रशासन) ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) परिसर में चल रहे 5 रेस्टोरेंट के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। इन पर फूड सेफ्टी और साफ-सफाई के नियमों के गंभीर उल्लंघन का आरोप है।

एफडीए की प्रेस रिलीज के मुताबिक, यह कार्रवाई एमसीए में मौजूद परमिट रूम, पैविलियन, मेडिटेरेनियन, ओरिएंटल स्विंग और क्लबवे एंड पेस्ट्री काउंटर के खिलाफ की गई है।

जांच के दौरान इन सभी जगहों पर फूड सेफ्टी के कई नियमों का उल्लंघन पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि रेस्टोरेंट में साफ-सफाई की भारी कमी थी और खाने को रखने और संभालने के गलत तरीके अपनाए जा रहे थे।

जांच के दौरान अधिकारियों को सड़ा हुआ कच्चा खाना, किचन में गंदगी और फ्रीजिंग टेम्परेचर कंट्रोल में बड़ी गड़बड़ी मिली। कई जगहों पर खाने की सामग्री को तय तापमान पर नहीं रखा जा रहा था, जिससे उसके खराब होने का खतरा था।

एफडीए ने इस कार्रवाई का वीडियो और तस्वीरें भी जारी की हैं, जिसमें किचन की खराब स्थिति और नियमों के उल्लंघन को साफ देखा जा सकता है।

इसके साथ ही एफडीए ने कुर्ला में ‘संकल्प महिला औद्योगिक उत्पादक सहकारी सोसाइटी लिमिटेड’ का लाइसेंस भी सस्पेंड कर दिया है। यह सोसाइटी मिड-डे मील कैंटीन चलाती थी। अधिकारियों ने यहां भी साफ-सफाई और हाउसकीपिंग की खराब हालत पाई। जांच में स्ट्रक्चर और साफ-सफाई से जुड़ी कई कमियां सामने आईं, जिसके बाद लाइसेंस पर रोक लगाई गई।

इसके अलावा एफडीए ने दादर के चर्चित ‘कैफे कैडेल’ का लाइसेंस भी सस्पेंड कर दिया है। इस कैफे पर वेंटिलेशन, पेस्ट कंट्रोल और फूड इक्विपमेंट स्टैंडर्ड से जुड़े नियमों के उल्लंघन का आरोप है। अधिकारियों को पानी की टेस्टिंग के रिकॉर्ड में भी कमी मिली, जो फूड सेफ्टी के लिहाज से जरूरी होता है।

एफडीए अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई रूटीन इंस्पेक्शन के दौरान की गई है और आगे भी ऐसे इंस्पेक्शन जारी रहेंगे। विभाग ने साफ किया है कि खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

–आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.