मुंबई में लगातार हो रही बारिश, इस बीच कई हादसे भी हो रहे हैं। गुरुवार को साकीनाका के खैरानी रोड पर एक खुले मैनहोल में गिरकर बह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पानी की निकासी वाली ग्रिल की मरम्मत का काम चल रहा था, इस दौरान रास्ते में फोन पर पैदल चल रहे यादव नगर के निवासी असलम इसाक खुले मैनहोल में गिर गए। अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन दल और नगर निगम की आपदा प्रबंधन टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया, जिसके बाद एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया।
उपमहापौर संजय घाडी ने स्पष्ट किया कि इस घटना के लिए पूरी तरह से ठेकेदार जिम्मेदार है और उसके खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने इस मामले को “गैर-इरादतन हत्या” बताया।
BMC ने शुरू की जांच
मुंबई में बारिश के दौरान खुले मैनहोल और नालियां हमेशा से एक बड़ी समस्या रहे हैं, जो अक्सर पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित होते हैं। साकीनाका के यादव नगर निवासी 60 वर्षीय मृतक असलम इसाक शेख भी ऐसे ही एक हादसे का शिकार हो गए। शुरुआती जांच के मुताबिक, खैरानी रोड पर ड्रेनेज ग्रिल की मरम्मत के बाद मैनहोल को खुला छोड़ दिया गया था, जो इस हादसे की वजह बना। फिलहाल बीएमसी (BMC) ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौके पर फायर ब्रिगेड व बीएमसी की टीमें तैनात हैं।
#UPDATE | मुंबई | साकीनाका थाना क्षेत्र में खैरानी रोड पर पानी की निकासी वाली ग्रिल की मरम्मत का काम चल रहा था। काम के दौरान, साकीनाका के यादव नगर में रहने वाले 60 साल के असलम इसाक शेख नाम के एक पैदल यात्री गलती से खुले मैनहोल से नाले में गिर गए। उनका शव मिल गया है और उसे बाहर… https://t.co/etDoGplPuy
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 2, 2026
शिंदे गुट के नेता ने क्या कहा?
इस घटना पर शिंदे गुट के नेता दिलीप मामा लांडे ने कहा कि एक व्यक्ति मैनहोल में गिरा था और उसका शव अगले मैनहोल से बरामद किया गया। फिलहाल पुलिस और बीएमसी इस मामले की जांच कर रहे हैं, और जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, चेंबूर में बस पर पेड़ गिरने के हादसे पर उन्होंने बीएमसी को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा पहले ही शिकायत किए जाने के बावजूद प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया।


Download Android App
Download iOS App




