पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह का कहना है कि कश्मीर मुद्दे का कोई हल नहीं निकल सकता, क्योंकि भारत-पाक के बीच ‘नाजुक’ रिश्ते हैं और इनमें कभी भी टकराव आ सकता है। गुरुवार को यू.वी. सिंह द्वारा लिखित पुस्तक ‘इंडो-पाक रिलेशंस : बियॉन्ड पुलवामा एंड बालाकोट’ के विमोचन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दोनों ही देशों का भविष्य अतीत में बसा है, क्योंकि दोनों ही देशों का लंबा इतिहास रहा है, जिससे पीछा छुड़ाना आसान नहीं है।
उन्होंने कहा कि एक देश की विजय दूसरे देश का पतन साबित होगा। नटवर सिंह ने कहा, “जब भारत की बात आती है तो पाकिस्तान पुरानी हीन भावना से ग्रसित हो जाता है।” कुलभूषण जाधव मामले में अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) के फैसले का उदाहरण देते हुए नटवर ने कहा कि फैसला भारत के लिए अनुकूल है (15:1), लेकिन पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने कहा कि यह उनके लिए अनुकूल है।
उन्होंने कहा, “वह भारत के पक्ष में किसी भी चीज को मानने के लिए तैयार नहीं हैं, जिससे उनकी ‘मैं सहमत नहीं हूं’ वाली मानसिकता झलकती है।” उन्होंने कहा कि भारत पाक के प्रति आसक्त नहीं है, लेकिन पाक भारत के प्रति जरूर आसक्त है।


Download Android App
Download iOS App



