Parliament Budget Session 2026: सदन में विपक्ष के हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण भी टल गया है। प्रधानमंत्री मोदी को बुधवार शाम 5 बजे धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देना था। इससे पहले सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला, जिसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को सदन की कार्यवाही 12 बजे, फिर 2 बजे, और इसके बाद शाम पांच बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। इसके बाद पीठासीन संध्या राय ने लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी, जिससे पीएम मोदी का संबोधन टल गया था।
PM के जवाब के बिना ही पास किया जाएगा धन्यवाद प्रस्ताव

सूत्रों का कहना है कि लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर पीएम मोदी के जवाब के बिना पास किया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि इसके पीछे लोकसभा में राहुल गांधी के पूर्व सेना अध्यक्ष की किताब के कुछ अंशों को सदन में उठाने के बाद से हंगामा जारी है। इसकी वजह से सदन की कार्यवाही भी नहीं चल पा रही है।
वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने संसद परिसर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तरफ से की गई टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी उन पर शारीरिक रूप से हमला करने वाले थे।
राहुल गांधी पर रवनीत सिंह बिट्टू के गंभीर आरोप

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, “आज तो कोई गली का गुंडा भी ऐसा नहीं करेगा जैसा राहुल गांधी ने किया। जब मैंने हाथ नहीं मिलाया, तो वह मुझ पर हमला करने ही वाले थे। केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस के दूसरे नेताओं ने राहुल गांधी को पकड़ा। अगर वे उन्हें नहीं पकड़ते तो पता नहीं क्या कुछ होता।” उन्होंने आगे कहा, “अगर राहुल गांधी हमला करने आते तो मेरे हाथ भी बंधे हुए नहीं होते।”
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि बहस के बाद वे अंदर चले गए। लेकिन सवाल ये है कि वे कैसे गलत शब्द बोल सकते हैं और कहते हैं कि दोबारा मेरे पास ही आओगे।
रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, “राहुल गांधी गलतफहमी में हैं। भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे सम्मान दिया है और कांग्रेस नेताओं के सामने बैठाया। उन्हें (राहुल गांधी) को इस बात का दर्द है। मुझे सामने देखकर उन्हें रोज दर्द होता है। वह दर्द आज राहुल गांधी की जुबान और शारीरिक तौर पर साफ दिखाई दिया।”
Rahul Gandhi ने पीएम मोदी पर कसा तंज

लोकसभा में पीएम का संबोधन टलने के बाद नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बीजेपी और पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री डरे हुए हैं। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘जैसा उन्होंने पहले कहा था, पीएम मोदी संसद में नहीं आएंगे क्योंकि वे डरे हुए हैं और सच्चाई का सामना नहीं करना चाहते।’
जैसा मैंने कहा, पीएम मोदी संसद में नहीं आएंगे क्योंकि वो डरे हुए हैं और सच्चाई का सामना नहीं करना चाहते। pic.twitter.com/1d2UmvR9mz
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) February 4, 2026
यह भी पढ़ें: PM किसान 22वीं किस्त का इंतजार खत्म! फरवरी के दूसरे सप्ताह में आएंगे ₹2,000! जल्द देखें लेटेस्ट अपडेट


Download Android App
Download iOS App




