‘अफवाहों से बचें…’, मिडिल ईस्ट संकट के बीच PM Modi की देशवासियों से अपील, ‘Mann Ki Baat’ कार्यक्रम की 5 बड़ी बातें

Summary :

PM Modi Mann Ki Baat Highlights: मिडिल ईस्ट में जारी जंग से का असर पूरी दुनिया में देखने को मिल रहा है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 29 मार्च को ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड के जरिए राष्ट्र को संबोधित किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने वैश्विक उथल-पुथल, पड़ोसी क्षेत्रों में जारी युद्ध, अर्थव्यवस्था, युवाओं की भागीदारी और फिटनेस जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने देशवासियों को आगाह किया कि दुनिया एक कठिन दौर से गुजर रही है और ऐसे में भारत की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ढाल है। आइए जानते…

PM Modi Mann Ki Baat Highlights: मिडिल ईस्ट में जारी जंग से का असर पूरी दुनिया में देखने को मिल रहा है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 29 मार्च को ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड के जरिए राष्ट्र को संबोधित किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने वैश्विक उथल-पुथल, पड़ोसी क्षेत्रों में जारी युद्ध, अर्थव्यवस्था, युवाओं की भागीदारी और फिटनेस जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री ने देशवासियों को आगाह किया कि दुनिया एक कठिन दौर से गुजर रही है और ऐसे में भारत की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ढाल है। आइए जानते हैं, पीएम मोदी के ‘मन की बात’ एपिसोड के 5 बड़े हाइलाइट्स…

PM Modi Mann Ki Baat Highlights:

 

1. देशवासियों से जागरूक रहने और अफवाहों से बचने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड में देशवासियों से अपील करते हुए कहा, “वो जागरूक रहें, अफवाहों के बहकावे में ना आएं। सरकार की तरफ से जो आपको निरंतर जानकारी दी जा रही है, उस पर भरोसा करें और उसी पर विश्वास करके कोई कदम उठाएं।”

उन्होंने कहा, “मुझे हर बार की तरह इस बार भी विश्वास है कि जैसे हमने देश के 140 करोड़ देशवासियों के सामर्थ्य से पुराने संकटों को हराया था, इस बार भी हम सब मिलकर के इस कठिन हालत से बहुत ही अच्छी तरह बाहर निकल जाएंगे।”

2. ऊर्जा संकट में एकजुटता दिखाने का आग्रह

पीएम मोदी ने इस एपिसोड की शुरुआत में मिडिल ईस्ट तनाव और ऊर्जा संकट का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “हमें याद है कि पूरा विश्व भूतकाल में कोविड के कारण एक लंबे समय तक अनेक समस्याओं से गुजरा था। हम सभी की अपेक्षा थी कि कोरोना के संकट से निकलने के बाद दुनिया एक नए सिरे से प्रगति की राह पर आगे बढ़ेगी। लेकिन वर्तमान काल में दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों में युद्ध और संघर्ष की स्थिति बनती चली गई है।”

पीएम मोदी ने खाड़ी देशों का आभार जताते हुए कहा, “हमारे लाखों परिवारों के सगे- संबंधी इन देशों में रहते हैं, खासतौर पर खाड़ी देशों में काम करते हैं। मैं गल्फ देशों का आभारी हूं कि वे ऐसे एक करोड़ से ज्यादा भारतीयों को वहां पर हर प्रकार की मदद दे रहे हैं। जिस क्षेत्र में अभी युद्ध चल रहा है, वह क्षेत्र हमारी ऊर्जा आवश्यकताओं का बड़ा केंद्र है। इसकी वजह से दुनियाभर में पेट्रोल-डीजल को लेकर संकट की स्थिति बनती जा रही है।” पीएम मोदी ने बताया कि भारत वर्तमान ऊर्जा संकट का डटकर मुकाबला कर रहा है। इसके साथ ही उन्होंने देश के लोगों से एकजुटता की अपील की।

3. राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। देश की युवा की ताकत जब राष्ट्र निर्माण में जुटती है तो बहुत बड़ी मदद मिलती है। राष्ट्र निर्माण के इस दायित्व को निभाने में बड़ी भूमिका निभा रहा है, ‘मेरा युवा भारत’, यानी मैं भारत संगठन। ये संगठन देश के युवाओं को अलग-अलग सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ रहा है। हाल ही में माय भारत क्वेस्ट का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य था देशभर के युवाओं को बजट प्रक्रिया और नीति निर्माण से जोड़ना। इससे जुड़ी क्वीज में देशभर से करीब 12 लाख युवाओं ने हिस्सा लिया।”

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “क्वीज के बाद करीब 1 लाख 60 हजार प्रतिभागियों को निबंध प्रतियोगिता के लिए चुना गया। मुझे इसमें से कुछ निबंध पढ़ने का अवसर भी मिला, इनसे पता चलता है कि युवा साथी देश के विकास में योगदान देने के लिए कितना तत्पर हैं।

4. पीएम मोदी ने देशवासियों को दिए फिटनेस टिप्स

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड में देशवासियों से फिटनेस को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जीवनशैली और खानपान में थोड़ा बदलाव करने से कई बीमारियों से बचाव में मदद मिल सकती है। इसके लिए खाने में शुगर व तेल की कटौती और रोजाना व्यायाम सबसे अहम है।

पीएम मोदी ने देशवासियों से भी अपील की कि वे शुगर इनटेक कम करें और खाने के तेल में 10 प्रतिशत की कटौती करें। उन्होंने बताया कि ये छोटे-छोटे बदलाव मोटापे और लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियों से बचाने में मददगार होंगे।

5. गर्मियों में जल संरक्षण संकल्प को दोहराने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ में जल संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में 50 लाख वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं और 70 हजार अमृत सरोवर बनाए गए। इसके साथ ही पीएम ने त्रिपुरा के वांगमुन, छत्तीसगढ़ के कोरिया और तेलंगाना के मुधिगुंटा में गांवों के जल संकट से निपटने की प्रेरक प्रयासों का भी जिक्र किया।

पीएम मोदी ने कहा कि देश के कई हिस्सों में गर्मियों की शुरुआत हो चुकी है। ये समय जल संरक्षण के अपने संकल्प को फिर से दोहराने का है। पिछले 11 वर्षों में ‘जल संचय अभियान’ ने लोगों को बहुत जागरूक बनाया है। इस अभियान के तहत देशभर में करीब 50 लाख आर्टिफिशियल वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर बनाए गए हैं।

यह भी पढ़ें: Tamil Nadu Election 2026 : अभिनेता विजय ने दो सीटों से लड़ने का किया एलान, TVK ने जारी की पहली उम्मीदवार सूची

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।