प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके श्रीलंकाई समकक्ष महिन्दा राजपक्षे शनिवार 26 सितम्बर को ऑनलाइन शिखर वार्ता करेंगे। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि शिखर वार्ता दोनों नेताओं को द्विपक्षीय संबंधों के व्यापक ढांचे की व्यापक समीक्षा करने का अवसर देगी।
उम्मीद की जा रही है कि दोनों नेता आतंकवाद के खिलाफ सहयोग को और गहरा करने, समग्र रक्षा और व्यापार संबंधों को बढ़ावा देने और श्रीलंका में भारत की विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। श्रीलंका में लंबे समय से चल रहे तमिल मुद्दे के भी वार्ता में उठाए जाने की उम्मीद है। भारत लगातार द्वीपीय राष्ट्र में तमिल समुदाय की आकांक्षाएं पूरी करने की वकालत करता रहा है।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘ ऑनलाइन शिखर वार्ता दोनों नेताओं को श्रीलंका में संसदीय चुनावों के बाद और दोनों देशों के समय की कसौटी पर खरे उतरे संबंधों के संदर्भ में द्विपक्षीय संबंधों के व्यापक ढांचे की व्यापक समीक्षा करने का अवसर देगी।’’ राजपक्षे की पार्टी ‘श्रीलंका पीपुल्स फ्रंट’ के पिछले महीने संसदीय चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के बाद, उन्होंने श्रीलंका के प्रधानमंत्री पद का कार्यभार संभाला है।


Download Android App
Download iOS App



