अमृतसर, 15 मार्च (आईएएनएस)। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार हथियारों और ड्रग्स तस्करी के मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 अत्याधुनिक पिस्टल बरामद की हैं। आरोपियों के कब्जे से 60 कारतूस और 3.513 किलोग्राम हेरोइन भी बरामद की गई। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने इस कार्रवाई को अमृतसर सीमा क्षेत्र में चल रहे नशा और हथियार तस्करी के खिलाफ पुलिस की सतत मुहिम का हिस्सा बताया है।
पंजाब डीजीपी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बरामद हथियार और हेरोइन का संबंध पाकिस्तान के तस्करों से है, जो भारत-पाकिस्तान सीमा के पास हथियारों और नशीले पदार्थों की आपूर्ति में मदद कर रहे थे। आरोपी सीमा पार से आने वाले एक दलाल के अधीन काम कर रहे थे, जिससे एक बड़े संगठित तस्करी नेटवर्क का संकेत मिलता है।
डीजीपी ने कहा, अमृतसर के गेट हकीमा थाने, छेहरटा थाने और वेरका थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए जांच जारी है। पंजाब पुलिस भारतीय संघ मादक पदार्थों, अवैध हथियारों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ अपनी शून्य-सहिष्णुता नीति के प्रति प्रतिबद्ध है।
14 मार्च को भी अमृतसर रूरल पुलिस ने आईएसआई प्रायोजित आतंक और सीमा पार हथियार तस्करी के नेटवर्क से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एके-47 राइफल, दो मैगजीन और 36 जिंदा कारतूस के साथ-साथ तीन आधुनिक ग्लॉक 9एमएम पिस्तौल बरामद की हैं। आरोपियों का विदेशी हैंडलर्स के साथ सोशल मीडिया के जरिए संपर्क था। पुलिस के अनुसार, यह मॉड्यूल केवल हथियार तस्करी तक सीमित नहीं था, बल्कि यह लोगों को चरमपंथ की ओर मोड़ने और भारत और पुलिस के खिलाफ नफरत फैलाने में भी शामिल था। आरोपियों के खिलाफ घरिंडा थाना, अमृतसर रूरल में एफआईआर दर्ज की गई थी।
–आईएएनएस
-ओपी/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























