नदिया, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्हें ‘पार्ट टाइम पॉलिटिशियन’ बताया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सिर्फ चुनाव के वक्त ही बोलते हैं। जनता उन्हें गंभीरता से नहीं लेती है।
बंगाल चुनाव को लेकर रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शांतिपुर में आयोजित रोड शो में हिस्सा लिया। नवीन के रोड शो में भारी तादात में लोग शामिल हुए। नवीन ने इसे तृणमूल के कुशासन के अंत का संकेत बताया।
आईएएनएस से बातचीत में नितिन नवीन ने राहुल गांधी के उन बयानों पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि बंगाल में लोकतंत्र नहीं गुंडाराज चल रहा है और ममता के कुशासन की वजह से प्रदेश में भाजपा के लिए दरवाजा खुला है।
नितिन नवीन ने कहा कि बस इंतजार कीजिए और देखिए, कुछ ही दिनों में राहुल गांधी ममता बनर्जी के साथ बैठे नजर आएंगे। इंडिया ब्लॉक टूट गया है। ममता बनर्जी ने बंगाल की जनता को त्रस्त किया है। राहुल गांधी चुनाव के वक्त बोलते हैं, इससे पहले उन्होंने कभी ममता के कुशासन पर कुछ नहीं बोला, कभी धरना प्रदर्शन किया। राहुल गांधी पार्ट टाइम पॉलटिशियन है, उनके बोलने से बंगाल की जनता को कुछ भी लेना देना नहीं है।
दूसरे चरण की वोटिंग का जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि बंगाल के हर घर से जय श्री राम, वंदे मातरम की गूंज सुनाई पड़ रही है। 29 अप्रैल को जनता भाजपा को वोट देने के लिए सड़कों पर उतरेगी।
नितिन नवीन ने कहा कि 29 अप्रैल को दूसरे चरण के तहत वोटिंग होगी और पिछले सारे रिकॉर्ड टूट जाएंगे। ईवीएम से जो कमल निकलेगा, वह बंगाल के विकास के लिए नई किरण के रूप में आएगा। मेरा मानना है कि 29 अप्रैल को लोग हर बूथ पर बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरकर भाजपा को वोट देंगे।
नितिन नवीन के अनुसार, भाजपा के लिए लोगों में उत्साह है और यह साबित करता है कि बंगाल में भाजपा की सरकार बन रही है और जनता टीएमसी की सरकार का विसर्जन करने का मन बना चुकी है।
–आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























