लड़ाई कोविड से है कांग्रेस या विपक्ष के राजनीतिक दलों से नहीं, ये समझे केंद्र सरकार : राहुल गांधी

Summary :

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि देश कोविड-19 के कारण गंभीर संकट से जूझ रहा है और सरकार को समझना चाहिए कि लड़ाई कांग्रेस या विपक्षी दलों से नहीं बल्कि कोरोना से है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि देश कोविड-19 के कारण गंभीर संकट से जूझ रहा है और सरकार को समझना चाहिए कि लड़ाई कांग्रेस या विपक्षी दलों से नहीं बल्कि कोरोना से है।

राहुल ने मंगलवार को ट्वीट किया, ‘‘मोदी सरकार को यह जरूर समझना चाहिए कि संघर्ष कोविड से है, कांग्रेस और विपक्ष के राजनीतिक दलों के साथ नहीं है।’’ इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के एक अखबार में छपे साक्षात्कार को भी पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने कहा, ‘‘मदद के लिए तैयार हूं, हमें कोविड से लड़ने के लिए राजनीतिक सहमति की जरूरत है। कोविड-19 ‘तुम्हारी और हमारी’ लड़ाई  नहीं बल्कि ‘हमारी और कोरोना’ की लड़ाई है।’’ 

इससे पहले सोमवार को राहुल गांधी ने देश में कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ मुफ्त टीकाकरण की पैरवी करते हुए सोमवार को कहा कि भारत को भाजपा के ‘सिस्टम’ का शिकार नहीं बनाया जाए। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ चर्चा बहुत हो चुकी। देशवासियों को वैक्सीन मुफ़्त मिलनी चाहिए- बात ख़त्म। मत बनाओ भारत को भाजपा सिस्टम का शिकार।’’ राहुल गांधी और कांग्रेस पिछले कई हफ्तों से यह मांग कर रहे हैं कि देश के सभी नागरिकों को मुफ्त टीका उपलब्ध कराया जाए।
बता दें कि देश में एक दिन में 3,23,144 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाये जाने के बाद मंगलवार को संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,76,36,307 हो गयी जबकि राष्ट्रीय स्तर पर ठीक होने की दर गिरकर 82.54 प्रतिशत हो गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अद्यतन किए गए आंकड़ों में बताया है कि संक्रमण से 2,771 और लोगों के दम तोड़ने से मृतक संख्या बढ़कर 1,97,894 हो गयी है।
उपचाराधीन मरीजों की संख्या में भी तेजी से वृद्धि हो रही है और यह संख्या बढ़कर 28,82,204 हो गयी है जो कुल संक्रमितों का 16.34 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर कोविड-19 से ठीक होने की दर गिरकर 82.54 प्रतिशत हो गयी है।मंत्रालय के अनुसार संक्रमण से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,45,56,209 हो गयी है जबकि मृत्यु दर गिरकर 1.12 प्रतिशत हो गयी है।

Desk Team