कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘राजीव गांधी फाउंडेशन’ (आरजीएफ) समेत गांधी-नेहरू परिवार से जुड़े तीन न्यासों के संदर्भ में केंद्र सरकार के कदम को लेकर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह यह कभी नहीं समझेंगे कि सच के लिए लड़ने वालों को डराया-धमकाया नहीं जा सकता।
उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की है जब सरकार ने आरजीएफ समेत गांधी-नेहरू परिवार से जुड़े तीन न्यासों द्वारा धनशोधन और विदेशी चंदा लेने सहित विभिन्न कानूनों के कथित उल्लंघन के मामलों की जांच में समन्वय के लिए बुधवार को एक अंतर-मंत्रालयी टीम गठित की है।
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘मोदी जी मानते हैं कि दुनिया उनकी तरह है। वह समझते हैं कि हर किसी की कीमत होती है या उसे धमकाया जा सकता है। वह कभी नहीं समझेंगे कि कि सच के लिए लड़ने वालों की कोई कीमत नहीं होती और उन्हें धमकाया नहीं जा सकता।’’
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने एक बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस और उसके नेतृत्व को इस तरह की ‘कायराना हरकतों’ से धमकाया नहीं जा सकता।
गौरतलब है कि सरकार ने यह फैसला भाजपा के यह आरोप लगाने के करीब दो हफ्ते बाद लिया है, जिसमें पार्टी ने कहा था कि राजीव गांधी फाउंडेशन को चीनी दूतावास से धन प्राप्त हुआ है। यह आरोप लद्दाख में भारतीय सेना और चीन की पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी (पीएलए) के बीच गतिरोध के मध्य उठा था। केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता के मुताबिक अंतर-मंत्रालयी टीम का नेतृत्व प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के एक विशेष निदेशक करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



