नयी दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा द्वारा भाजपा के शीर्ष नेताओं को पैसे देने के दावे वाली खबर का हवाला देते हुए शुक्रवार को भाजपा पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि सत्तारुढ़ पार्टी के सारे ‘चौकीदार’ चोर हैं।गांधी ने एक खबर शेयर करते हुए ट्वीट किया, ‘‘भाजपा के सारे चौकीदार चोर हैं।’’ उन्होंने जो खबर शेयर की है उसमें दावा किया गया है कि कर्नाटक का मुख्यमंत्री रहते हुए येदियुरप्पा ने भाजपा की केंद्रीय समिति को एक हजार करोड़ रुपये दिए। इसमें एक डायरी के आधार पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के नाम भी लिए गए हैं।
इससे पहले कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने इसी खबर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि इसकी लोकपाल से जांच होनी चाहिए। दूसरी तरफ, भाजपा ने कांग्रेस के आरोप को झूठ का पुलिंदा करार देते हुए कहा कि इस आरोप और तथाकथित डायरी की कोई प्रामाणिकता नहीं है। प्रसाद ने सवाल किया कि क्या कांग्रेस अब झूठ के आधार पर चलेगी?


Download Android App
Download iOS App



