नई दिल्ली, 24 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के समस्तीपुर में नाबालिग लड़की से बदसलूकी और दरभंगा में छेड़खानी के मामले पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सत्तारूढ़ जदयू ने कहा है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं विपक्ष ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने आईएएनएस से कहा, ” ऐसे गुनाह करने वाले लोगों के साथ क्या होता है, ये हम सबने जमुई में देखा है। जो लोग ऐसे वीडियो वायरल करते हैं, उन पर भी कार्रवाई हुई है।”
राजीव रंजन ने बताया कि 122 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई की गई है और अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है। जिन अपराधियों ने पुलिस पर गोली चलाकर भागने की कोशिश की, उन्हें मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया गया है। एक अपराधी का पैर टूटा। उन्होंने कहा कि यह तय है कि ऐसी घटनाओं में शामिल लोगों को बहुत लंबे समय तक जेल में रहना होगा और पुलिस उन्हें बख्शने वाली नहीं है।
जदयू नेता और विधायक श्याम रजक ने समस्तीपुर में छेड़खानी पर टिप्पणी करते हुए कहा, “बिहार में कुछ घटनाएं हो रही हैं, इसको लेकर हम चिंतित हैं। घटनाओं को लेकर हमारे मुख्यमंत्री संज्ञान ले रहे हैं। सख्ती से गिरफ्तार करके जेल भेजने का काम भी किया जा रहा है। ऐसी घटना न हो, इसके लिए भी मुख्यमंत्री प्रशासन के साथ तेजी से काम कर रहे हैं।”
उन्होंने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के नेता के पास कोई काम नहीं है और उन्हें संवेदनशीलता से कोई मतलब नहीं है, इसलिए उनका ऐसा बयान देना दिनचर्या बन गया है। तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।
वहीं, समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने समस्तीपुर छेड़खानी मामले पर कहा, “सरकार बिहार के कानून व्यवस्था को संभाल नहीं पा रही है। कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। जंगल राज कायम हो गया है। मेरी प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से निवेदन है कि वहां की गिरती हुई कानून व्यवस्था को संभाले। वहां आतंक राज बढ़ता जा रहा है। इसे खत्म करने की जरूरत है।”
–आईएएनएस
वीकेयू/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



