Greater Noida Hit and Run Case: ग्रेटर नोएडा में एक सड़क हादसे का मामला सामने आया है। शारदा गोलचक्कर के पास ड्यूटी के दौरान एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की बाइक को रॉन्ग साइड से आ रही ऑल्टो K-10 कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नॉलेज पार्क थाना प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार, घायल ट्रैफिक पुलिसकर्मी मोहित कुमार अपनी बाइक से शारदा गोलचक्कर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से रॉन्ग साइड में आ रही एक ऑल्टो K-10 कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोहित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
महिला चला रही थी कार
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय कार एक महिला चला रही थी। उसकी पहचान आकांक्षा के रूप में हुई है। बताया गया है कि आकांक्षा बड़ौत, बागपत निवासी आदित्य की पत्नी हैं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल पुलिसकर्मी को तुरंत शारदा अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने हादसे में शामिल ऑल्टो K-10 कार को कब्जे में ले लिया है। वहीं, महिला ड्राइवर आकांक्षा को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
वहीं, इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला तेज रफ्तार से कार चलाकर आ रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित हो गई और मोहित कुमार की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मोहित सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
यह भी पढ़ें: यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में लगी आग, 9 यात्रियों की जलकर मौत, CM योगी ने लिया संज्ञान


Download Android App
Download iOS App




