कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बृहस्पतिवार को पार्टी के राज्यसभा सदस्यों के साथ वीडियो कान्फ्रेंस के जरिये बैठक की जिसमें वर्तमान राजनीतिक हालात और कुछ अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।
सूत्रों के मुताबिक सोनिया की अगुवाई में हुई इस बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, दिग्विजय सिंह, जयराम रमेश और कई अन्य राज्यसभा सदस्य मौजूद थे।
माना जा रहा है कि इस बैठक में कोरोना महामारी से संबंधित हालात, राजस्थान के राजनीतिक संकट की पृष्ठभूमि में मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति, लद्दाख में चीन के साथ गतिरोध और अर्थव्यवस्था की स्थिति पर मुख्य रूप से चर्चा हुई।
गौरतलब है कि राज्यसभा में कांग्रेस के सदस्यों की संख्या 40 है, जबकि लोकसभा में पार्टी के सांसदों की संख्या 52 है। कुछ दिनों पहले ही सोनिया ने कांग्रेस के लोकसभा सदस्यों के साथ डिजिटल बैठक की थी जिसमें पार्टी के ज्यादातर सांसदों ने राहुल गांधी को फिर से पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी देने की मांग की थी।


Download Android App
Download iOS App



