मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा एक भी सीट नहीं दिए जाने से नाराज सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। सपा अध्यक्ष ने तीखे लहजे में कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को अपने ‘छोटे नेताओं’ को उनकी पार्टी के बारे में टिप्पणी करने की अनुमति नहीं देनी चाहिए। उनकी इस प्रतिक्रिया से विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में फूट दिखने लगी है। इसी तनातनी के बीच दोनों दलों के बीच की बयानबाजी सुर्खियों में बनी हुई है।
सपा नेता राम गोपाल यादव ने कहा कि वे इन दोनों नेताओं के बयानों पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। पत्रकारों ने जब राम गोपाल यादव से पूछा कि सपा के खिलाफ अजय राय और कमलनाथ के बयान आ रहे हैं। इस पर राम गोपाल ने कहा, ‘कहने दो हमें इन पर कुछ नहीं कहना है। यह छुटभैये नेता हैं।’ पत्रकारों ने जब पूछा कि इस जुबानी वार-पलटवार से इंडिया गठबंधन पर कोई असर तो नहीं पड़ेगा? तो, उन्होंने कहा कि हमें इस पर कुछ नहीं कहना है, अखिलेश यादव इस पर बोल चुके हैं, वे इसे दोहराना नहीं चाहते।
दरअसल, विपक्षी गठबंधन के प्रमुख घटक समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर धोखा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को चेतावनी भी दी कि अपने चिरकुट नेताओं से हमारे बारे न बुलवाया करें। मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भरोसा देने के बावजूद सीटें न देने से खफा अखिलेश ने साफ कहा कि सपा भी अब कांग्रेस के साथ ऐसा ही व्यवहार करेगी। अभी भी दोनों तरफ से जुबानी जंग जारी है।


Download Android App
Download iOS App



