बिहार के लिये विशेष दर्जे की मांग महज घड़ियाली आंसू : शत्रुघ्न सिन्हा

Summary :

शत्रुघ्न सिन्हा ने बिहार के लिये विशेष दर्जे की मांग को आज बकवास करार दिया और आम चुनावों से पहले इसे महज घड़ियाली आंसू करार दिया।  राज्य के लिए यह मांग जनता दल (यू) और उनकी अपनी पार्टी के अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) जैसी उसकी सहयोगी पार्टियों द्वारा उठाई जा रही है

भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बिहार के लिये विशेष दर्जे की मांग को आज बकवास करार दिया और आम चुनावों से पहले इसे महज घड़ियाली आंसू करार दिया।  राज्य के लिए यह मांग जनता दल (यू) और उनकी अपनी पार्टी के अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) जैसी उसकी सहयोगी पार्टियों द्वारा उठाई जा रही है ।

शत्रुघ्न सिन्हा ने कई ट्वीट कर आरोप लगाया कि बिहार में ‘‘ प्रदर्शन से ज्यादा प्रचार पर जोर है ’’ जहां राजग करीब एक साल के लिये ही सत्ता में रहने वाली है। सिन्हा पटना साहिब सीट से सांसद हैं और वह काफी समय से भाजपा नेतृत्व के आलोचक रहे हैं।

उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के ‘‘ मित्रों ’’ अब काम शुरू कर दो वरना ‘‘ अर्जुन ’’ सत्ता हथियाने को तैयार है , क्योंकि तेजस्वी यादव की चुनौती अब उनके दरवाजे पर दस्तक दे रही है।  सिन्हा ने ट्वीट किया , ‘‘ जैसे – जैसे आम चुनाव दस्तक देना शुरू कर रहे हैं वैसे वैसे घड़ियाली आंसू गिरने शुरू हो गये हैं … और नाटक फिर शुरू हो गया है। बिहार में सत्तारूढ़ गठबंधन (राजग) केंद्र की अपनी ही राजग सरकार से राज्य के लिये एक बार फिर विशेष दर्जे की मांग कर रहा है और वह भी खुलेआम। ’’

सिन्हा की यह टिप्पणी मुख्यमंत्री एवं जद (यू) प्रमुख नीतीश कुमार की उस हालिया टिप्पणी की पृष्ठभूमि में आयी है जिसमें कुमार ने बिहार के लिये एक बार फिर विशेष राज्य के दर्जे की मांग की थी और संकेत दिया था कि यह मांग 15 वें वित्त आयोग के समक्ष रखी जायेगी।

उनकी मांग का उप मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी एवं केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान ने भी समर्थन किया। पासवान लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रमुख हैं।

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक  करें।

Desk Team