शिवसेना नेता शाइना एनसी ने सोमवार को दावा किया कि शिवसेना यूबीटी के पास अब कुछ नहीं बचा है उनके अधिकांश नेता और कार्यकर्ता पार्टी छोड़ कर जा रहे हैं। शाइना ने उद्धव ठाकरे की पार्टी पर हमला बोला। कहा कि सोमवार को कोंकण के कई नेता उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मिलने जा रहे हैं। उद्धव ठाकरे ने बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को त्यागकर कांग्रेस के साथ हाथ मिला लिया, जिससे कार्यकर्ता असंतुष्ट होकर बाहर निकल आए। एकनाथ शिंदे की लोकप्रियता को स्वीकार करते हुए कई नेता और विधायक उनके साथ आना चाहते हैं।
शाइना एनसी ने उद्धव ठाकरे की बुलाई गई बैठक पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि यह बैठक क्यों की जा रही है, इसका जवाब खुद उद्धव ठाकरे को ही पता होगा। ठाकरे को अपनी पार्टी बचाने के लिए प्रयास करने ही होंगे, लेकिन मौजूदा स्थिति में शिवसेना के सबसे लोकप्रिय नेता एकनाथ शिंदे हैं, और उनकी लोकप्रियता के कारण ही तमाम लोग उनके साथ आ रहे हैं। शाइना एनसी ने एलन मस्क की डीओजीई द्वारा भारत में मतदाता जागरूकता के लिए 21 मिलियन डॉलर की फंडिंग रोकने पर भी बात की। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए कि आखिर वह कौन लोग हैं जो फंडिंग के जरिए भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं।
नई इंडिया कोऑपरेटिव बैंक के बंद होने पर संजय राउत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शाइना एनसी ने कहा कि उनको कोई गंभीरता से नहीं लेता क्योंकि वह रोज कुछ न कुछ बोलते रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस मामले में कोई गड़बड़ी हुई है तो पूरी पारदर्शिता के साथ जांच कर कार्रवाई की जाएगी। राहुल गांधी द्वारा महाकुंभ को लेकर दिए गए राजनीतिक बयान पर शाइना एनसी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा अवसरवादी राजनीति करती है और चुनाव से पहले मंदिरों की राजनीति शुरू कर देती है।


Download Android App
Download iOS App



