केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान ने बृहस्पतिवार को लोगों से चीन के उत्पादों का बहिष्कार करने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने अपने मंत्रालय के अधिकारियों को निर्देश दिा कि वे कार्यालय में दैनिक इस्तेमाल के लिए कोई भी चीनी उत्पाद नहीं खरीदें।
भारत-चीन के बीच सीमा पर तनाव बढ़ने के बीच पासवान का यह बयान आया है।
पासवान ने कहा, ‘‘मैं हर किसी से अपील करना चाहता हूं कि चीन जिस तरह का व्यवहार कर रहा है, हम सभी चीनी उत्पादों का बहिष्कार करें।’’ उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार चीन से आयात किये गये उत्पादों पर भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के गुणवत्ता नियमों को कड़ाई से लागू करेगी।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने चीन से दीये और फर्नीचर जैसे स्तरहीन उत्पादों के अवैध आयात पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बीआईएस द्वारा निर्धारित गुणवत्ता नियमों को सरकार सख्ती से लागू करेगी।
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के तत्वावधान में, बीआईएस ने अब तक विभिन्न उत्पादों के लिए 25,000 से अधिक गुणवत्ता नियम तैयार किए हैं। मंत्री ने कहा, ‘‘जब हमारा माल विदेश पहुंचता है, तो उनकी जांच की जाती है। हमारे बासमती चावल के निर्यात की खेप को रद्द कर दिया जाता है, लेकिन जब उनका माल भारत में आता है, तो कोई सख्त गुणवत्ता नियंत्रण नहीं होता है।’’
नया बीआईएस कानून संसद में 2016 को पारित हुआ था। यह अनिवार्य या स्वैच्छिक रूप से भारतीय मानकों के अनुपालन के जरिये उत्पादों और सेवाओं की गुणवत्ता की संस्कृति को बढ़ावा देता है।


Download Android App
Download iOS App



